बिहार के भागलपुर का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर कोई भी हैरत में आ जाएगा। इस मामले में एक शख्स 5 महीने पहले लापता हुआ था और अब नोएडा की सड़कों पर वह भिखारियों की हालत में मिला है। 5 महीने से शख्स का परिवार सदमे में था और मान लिया था कि वह मर चुका है। अब उसके वापस आने के बाद परिवार खुश है। दिलचस्प बात ये है कि परिवार जिन लोगों पर बेटे के अपहरण का आरोप लगा रहा था उन्होंने ही युवक को नोएडा में मोमोज की दुकान के बाहर देखा था।
भागलपुर जिले के ध्रुव गंज के रहने वाले निशांत की 5 महीने पहले शादी हुई थी। उसकी शादी गंगनिया में हुई थी। शादी के थोड़े समय बाद 31 जनवरी, 2023 को वह रहस्यमई तरीके से गायब हो गया था। इसके बाद घरवालों ने निशांत के ससुराल वालों पर अपहरण का केस दर्ज करवा दिया। निशांत के पिता सच्चिदानंद सिंह ने अपने समधी नवीन सिंह पर बेटे के अपहरण का केस दर्ज करवाया था। वे बहू के भाई रविशंकर को इसके लिए प्रताड़ित भी करते थे। इस बीच उन्होंने बहू के घरवालों से पैसे की भी मांग की थी। इस वजह से लड़की के घर में काफी गमगनी सा माहौल रहता था।
इस सबके चलते दोनों परिवारों के बीच दूरियां आ गईं। अब 5 महीने बाद रविशंकर ने नोएडा में अपने जीजा को मोमोज की दुकान के बाहर देखा, तो वह चौंक गया। रविशंकर ने निशांत को सेक्टर 50 में एक मोमोज की दुकान के सामने भिखारियों की हालत में देखा। बढ़े हुए बाल और दाढ़ी देखकर वह भी हैरान रह गया। इसके बाद पुलिस निशांत को लेकर भागलपुर ले गई।
रविशंकर ने पूरी जानकारी हासिल करने के बाद लोकल थाना को 100 नंबर पर कॉल करके बुला लिया। इसके बाद सुल्तानगंज थाने से बातचीत के बाद निशांत को उन्हें सुपूर्द कर दिया गया। इसके बाद निशांत की भागलपुर कोर्ट में पेशी हुई। रविशंकर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बहन की ससुराल वालों की तरफ से पैसों की मांग के कारण टेंशन में आकर नवीन सिंह के बड़े भाई की देहांत हो गया। रविशंकर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कोर्ट उनके परिवार की मदद करेगा और दोषियों पर विधि सम्मत कार्रवाई करेगा।
