चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिंग के बाद पूरे देश में खुशी का माहौल है। सदल लैंडिंग की घोषणा होते ही लोग जश्न मनाने लगे। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत देश की तमाम हस्तियों ने फोन पर ISRO चीफ को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर मिर्जापुर डीएम का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह चंद्रयान की सफल लैंडिंग के बाद खुशी जाहिर करती दिखाई दे रही हैं।
मिर्जापुर डीएम ने जताई खुशी, वायरल हो रहा वीडियो
चंद्रयान की सफल लैंडिंग के बाद लोगों ने अपने-अपने तरीके से खुशियां मनाई। उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ सभी स्कूलों में लैंडिंग का लाइव टेलीकास्ट दिखाने का आदेश जारी किया गया। अधिकारी भी लोगों के साथ चंद्रयान की लैंडिंग देख रहे थे। मिर्जापुर की डीएम दिव्या मित्तल भी तमाम लोगों के साथ चंद्रयान की लैंडिंग का लाइव टेलीकास्ट देख रही थीं, वहीं जब ISRO ने सफल लैंडिंग का ऐलान किया तो वह बेहद खुश नजर आईं।
लैंडिंग के बाद हुई नारेबाजी
IAS अधिकारी दिव्या मित्तल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह लैंडिंग की घोषणा होते ही उछलती हुई दिखाई दे रही हैं। उत्साहित डीएम दिव्या मित्तल ने खुशी जाहिर करते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे भी लगाए। इसके बाद दिव्या मित्तल ने वहां मौजूद लोगों को बताया, हमारा यान चंद्रमा पर लैंड कर रहा है, ऐसा करने वाला हमारा पहला देश बन गया है।
वहीं चंद्रयान की लैंडिंग के बाद प्रधानमंत्री ने देशवासियों और ISRO की टीम को संबोधित किया और इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ISRO चीफ को फोन कर बधाई देते हुए कहा कि “आपका तो नाम ही सोमनाथ है, आपका नाम सोमनाथ भी चंद्रमा से जुड़ा हुआ है। आपके परिवार के सदस्य भी खुश होंगे। आपको और आपकी टीम को बधाई। जल्द ही आपको लोगों से मिलकर बधाई दूंगा।”
चंद्रयान की सफल लैंडिंग की घोषणा होते ही पूरे देश में जश्न का माहौल देखा गया। कहीं नारेबाजी तो कहीं लोगों ने ढोल नगाड़े बजाते हुए अपनी खुशी जाहिर की। बता दें कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। चंद्रया ने शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग की।