यूपी के प्रयागराज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक नाबालिग लड़की ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं इस लड़की ने आहत होकर आत्महत्या का प्रयास भी किया। हालांकि राहत वाली बात यह रही कि लड़की को बचा लिया गया। पीड़िता ने जब आत्महत्या का प्रयास किया तो कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लड़की एक पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर झूलती हुई नजर आ रही है। तभी एक लड़का भागते हुए वहां आता है और लड़की को बचा लेता है।
3 साल से संपर्क में थी लड़की
पूरा मामला बहरिया क्षेत्र के मथुरा गांव का बताया जा रहा है जहां के एक युवक सुरेंद्र यादव पर नाबालिग लड़की ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया। 17 साल की लड़की ने बताया है कि वह युवक के साथ 3 साल से संपर्क में थी। इस दौरान युवक ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और जब वह शादी से इनकार करने लगा तो लड़की मानसिक रूप से टूट गई और उसने आत्महत्या का फैसला किया।
मर गई इंसानियत! मां के शव को बाहर निकालने के लिए पानी में संघर्ष करता रहा बच्चा
वीडियो बनाने वाली भीड़ के बीच से निकला एक मसीहा
आत्महत्या का प्रयास करने के लिए लड़की गांव के ही एक खेत में जा पहुंची। वहां उसने पहले फोन पर किसी से बात की और उसके बाद फंदा लगाकर पेड़ पर झूल गई। शर्म की बात यह है कि जब लड़की फंदे से झूली तो लोग वहां खड़े होकर तमाशा देख रहे थे और वीडियो बना रहे थे। तभी भीड़ में से एक युवक निकला और भागकर लड़की को बचा लिया। यह पूरी घटना एक वीडियो में रिकॉर्ड हुई है। वीडियो सोशल मीडिया पर उपलब्ध है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
लड़की ने आरोप लगाया है कि सुरेंद्र ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। इसके बाद उसके साथ रेप किया। लड़की का आरोप है कि सुरेंद्र ने उसके अश्लील वीडियो भी बनाए हैं जिनके आधार पर वह ब्लैकमेल करने लगा। लड़की की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला 5 सितंबर का बताया जा रहा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब सामने आया है।