मनोज सोनी को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का नया अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वह वडोदरा के एमएस यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर रह चुके हैं। उनको लेकर ‘द वायर’ द्वारा दावा किया गया है कि वह बीजेपी और आरएसएस के बेहद करीब रहे हैं। इसी खबर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने यूं कसा तंज : कांग्रेस सांसद ने यूपीएससी को यूनियन प्रचार संघ कमीशन लिखा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत के संविधान को ध्वस्त किया जा रहा है। राहुल गांधी द्वारा किए गए ट्वीट पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। कुछ लोगों ने उनकी बातों का समर्थन किया है तो वहीं कुछ ने तंज कसते हुए कमेंट किया है।
लोगों के रिएक्शन : कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हमारे संस्थानों का लगातार क्षरण किया जा रहा है। सूरज नाम के एक यूजर ने कमेंट किया, ‘ RSS जैसे संगठन को तो भारत में बैन कर देना चाहिए।’ भंवर लाल नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया – कांग्रेस की ओर से लगातार आरोप लगाया जा रहा है कि बीजेपी सरकार में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है लेकिन फिर भी हर चुनाव में बीजेपी को वोट क्यों मिल रहा है?
शुभम मिश्रा ने कमेंट किया कि राहुल गांधी को पता है कि उनके हार का कारण RSS ही है इसीलिए इस संगठन से बहुत डरते हैं। विकास श्रीवास्तव नाम के एक यूजर ने लिखा कि हर व्यक्ति का अपना एक पॉलीटिकल एजेंडा है। यहां पर दिक्कत बीजेपी और आरएसएस की नहीं बल्कि आपको सलाह देने वाले लोगों की है। इस तरह से चुनाव नहीं जीत पाओगे राहुल बाबू। अब्दुल नाम के एक यूजर कमेंट करते हैं, ‘ राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से लेना चाहिए क्योंकि उनकी कही हर वह एक बात सही निकलती है।’
कौन है UPSC के नए चेयरमैन मनोज सोनी? : मनोज सोनी को 5 अप्रैल 2022 को यूपीएससी का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इससे पहले उन्होंने 2 विश्वविद्यालयों में कुलपति के रूप में काम किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 17 फरवरी 1965 को मनोज सोनी का जन्म मुंबई में हुआ था। कम उम्र में पिता का देहांत हो जाने के बाद अपनी मां के साथ गुजरात चले आए थे। मनोज सोनी को अंतरराष्ट्रीय संबंधों के साथ राजनीति विज्ञान की बेहद अच्छी जानकारी है।
