राज्यसभा में दिल्ली सर्विस बिल 7 अगस्त पेश हुआ और पास भी हो गया। सदन में इस पर खूब गरमागरम बहस हुई। सदन में बिल पर वोट करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री और राज्यसभा सांसद मनमोहन सिंह भी राज्यसभा की कार्रवाई में शामिल होने पहुंचे थे। खराब स्वास्थ्य के बावजूद भी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह राज्यसभा में मौजूद थे, जिस पर कुछ लोगों ने कांग्रेस को घेरा तो कुछ ने पूर्व पीएम की तारीफ की है।
व्हीलचेयर पर संसद में पहुंचे पूर्व पीएम
दिल्ली सर्विस बिल के लिए वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह भी पहुंचे तो विवाद खड़ा हो गया। 90 साल के मनमोहन सिंह स्वास्थय कारणों से व्हीलचेयर पर संसद में पहुंचे थे। इस पर जहां कुछ लोगों ने कांग्रेस पर सवाल उठाया तो कुछ लोग इस उम्र में भी संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेने पर डॉ. सिंह की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर उठाये गये सवाल
भाजपा ने सदन में व्हीलचेयर पर बैठे पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की तस्वीर शेयर कर लिखा, ‘याद रखेगा देश, कांग्रेस की ये सनक। कांग्रेस ने सदन में एक पूर्व प्रधानमंत्री को देर रात स्वास्थ्य की ऐसी स्थिति में भी व्हील चेयर पर बैठाये रखा, वो भी सिर्फ़ अपना बेईमान गठबंधन जिंदा रखने के लिए। बेहद शर्मनाक।’ मनजिंदर सिंह सिरसा ने ट्वीट किया, ‘कांग्रेस के असीम अहंकार और सत्ता के लालच को कल हर भारतवासी ने देखा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को को देर रात स्वास्थ्य की ऐसी स्थिति में भी व्हील चेयर पर बैठाये रखा गया, सिर्फ बेईमानों के गठबंधन को समर्थन देने के लिए।’
एक यूजर ने लिखा, ‘जिन लोगों ने इनके खिलाफ आंदोलन किया, राजनीतिक आक्षेप लगाए, रामलीला मैदान के खुले मंचों से झूठे-फर्जी इल्ज़ाम थोपे। विनम्रता पर ताने दिए गए, रिमोट कंट्रोल तक कहा। उसी पार्टी की मदद के लिए 90 वर्षीय डॉ मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर सदन में पहुंचे। मनमोहन सिंह बनने के लिए एक बड़ा दिल चाहिए।’ @navneetmishra99 ने ट्विटर पर लिखा, ‘अगर 1 वोट से सरकार गिरने का सवाल होता तो मनमोहन जी को इस हाल में सदन लाने को विपक्ष की मजबूरी मान सकते थे। लेकिन, बड़े फासले से हार तय होने के बावजूद बीमार चल रहे देश के पूर्व प्रधानमंत्री को 1 वोट के लिए सदन में व्हील चेयर पर बैठ कष्ट सहते देश ने देखा। राजनीति कितनी निर्मम है।’
कांग्रेस पर हमला किए जाने के बीच कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने ट्वीट किया, ‘चरणचुंबकों की फ़ौज ऐक्टिव की गई है लेकिन गिद्धों, कितनी भी कोशिश कर लो। सच ये है कि डाक्टर साहब का सदन में होना तुम्हारे आका की कायरता की पोल खोलता है। ये है डाक्टर साहब की लोकतंत्र में आस्था, और एक तुम्हारे जुमलावीर हैं जो सदन से मुंह छुपाये भाग रहे हैं।’ वहीं आप राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पूर्व पीएम को धन्यवाद कहा। अस्वस्थ रहने के बावजूद भी झारखंड मुक्ति मोर्चा के संसद शीबू सोरेन भी सदन की करवाई में हिस्सा लेने पहुंचे।