मन में कुछ ठान लो तो पूरा हो ही जाता है। मंगलुरु का एक वीडियो अभी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यहां एक बच्ची की मां ऑटो पलट जाने से उसके नीचे दब जाती है। यह देखते ही स्कूल जाने वाली छोटी सी बेटी हिम्मत लगाकर मां को कुचलने से बचाने के लिए ऑटो उठाकर दूसरे साइड कर देती है। इस तरह उसकी मां की जान बच जाती है। वीडियो को देखकर आपको भी शायद हैरानी हो सकती है। वायरल वीडियो को देखने के लिए लोगों ने बेटी को बहादुर बताया है और उसे वीरता पुरस्कार देने की मांग कर रहे हैं।

घटना मंगलुरु के किन्निगोली की है। जहां एक स्कूली छात्रा ने अपनी मां की जान बचाने की कोशिश में एक ऑटो रिक्शा उठा लिया। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तेज रफ्तार में आ रहा ऑटो महिला से टकरा जाता है, महिला उसके नीचे दब जाती है। पास में उसकी बेटी है। वह दौड़ते हुए मां-मां करती आती है और हिम्मत जुटाकर जोश के साथ ऑटो को दूसरे साइड पलट देती है। वह मां के लिए रोए जा रही है। उसके चिल्लाने की आवाजें भी वीडियो में सुनाई दे रही हैं। कुछ ही देरी में वहां कुछ और लोग भी आ जाते हैं।

बेटी ने दिखाई बहादुरी और बचा ली मां की जान

सीसीटीवी के वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कथित तौर पर महिला अपनी बेटी को ट्यूशन क्लास से लेने के लिए सड़क पार कर रही थी तभी तिपहिया वाहन आकर जोर से उसे टक्कर मार देता है। इसके बाद महिला ऑटो रिक्शा के नीचे आ जाती है। बेटी यह सब देखती है और सदमे में दौड़कर घटना वाली जगह पर पहुंच जाती है। इसके बाद वह जोर लगाकर ऑटो को उठा देती है। ऐसा करके वह ना सिर्फ अपनी मां बल्कि ऑटो के नीचे अन्य लोगों की भी जान बचा लेती है।

इसके बाद राहगीर तुरंत महिला और लड़की की मदद के लिए इकट्ठा हो गए। वीडियो वायरल होने के बाद नेटिज़न्स ने लड़की के साहस की प्रशंसा की और उसके लिए बहादुरी पुरस्कार की मांग की। एक यूजर ने लिखा “उस लड़की को कुछ पुरस्कार दिया जाना चाहिए। वीडियो बनाने के बजाय वह तुरंत मदद के लिए कूद पड़ी। हमें उसके जैसे और युवाओं की जरूरत है।

एक अन्य महिला यूजर ने लिखा “शेरनी राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार से सम्मानित होने की हकदार है।” एक ने भी लिखा, “वह लड़की बहादुर होने के लिए पदक की हकदार है।” इसी तरह कई लोगों ने लड़की की बहादुरी की तारीफ की है।

नोट- जनसत्ता वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।