Maneka Gandhi: सोशल मीडिया में पिछले दिनों #sareetwitter खूब ट्रेंड हुआ। इस हैशटैग के साथ महिलाएं ट्विटर पर साड़ी में अपनी तस्वीरें पोस्ट कर रही थीं। माना जा सकता है कि इसी ट्रेंड को फॉलो करते हुए बीजेपी की लोकसभा सांसद मेनका गांधी ने भी साड़ी में अपनी तस्वीर शेयर की। हालांकि बाद में पता नहीं क्यों मेनका गांधी ने अपना ट्वीट डिलीट कर लिया। दरअसल सोमवार को मेनका गांधी ने अपने बेटे वरुण गांधी की शादी की एक तस्वीर शेयर की थी।
मेनका गांधी ने जो तस्वीर शेयर की थी उसमें उन्होंने गुलाबी रंग की साड़ी पहनी हुई थीं। फोटो शेयर करते हुए बीजेपी सांसद ने साड़ी के बारे में भी बताया। मेनका ने लिखा- मैंने जो साड़ी पहनी हुई है उसे पंडित जवाहर लाल नेहरू ने बुनी थी जब वह जेल में थे। अब यह 70 साल पुरानी है। मैंने यह साड़ी बनारस में अपने बेटे की शादी में पहनी थी। मेरी बहू यामिनी ने जो एंटीक साड़ी पहनी है, वह मेरी सास (इंदिरा गांधी) द्वारा मुझे मेरी शादी के दिन दी गई थी।
हालांकि मेनका गांधी ने अब ये ट्वीट डिलीट कर दिया है। उनके ट्विटर हैंडल पर ये ट्वीट दिख नहीं रहा है। इस बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है कि आखिर मेनका गांधी ने अपना ट्वीट डिलीट क्यों किया।
बता दें कि इससे पहले प्रियंका गांधी भी #sareetwitter के तहत साड़ी में अपनी फोटो शेयर कर चुकी हैं। प्रियंका गांधी ने अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था- ये साड़ी मैंने मेरी शादी के दिन सुबह पूजा के दौरान पहनी थी। प्रियंका ने अपने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा को टैग करते हुए ये भी लिखा था कि तुम अब भी मुझे कॉफी पर ले जा सकते हो। प्रियंका गांधी की ये तस्वीर जमकर वायरल हुई थी।