उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले एक शख्स की बिहार के आरा में पीट-पीटकर कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप टोल टैक्स के बाउंसरों पर लगा है। मृतक युवक आरा के टोल टैक्स पर सुपरवाइजर था। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद हरियाणा के बाउंसरों ने उसकी हत्या कर दी। अब मृतक के पिता ने एक गंभीर आरोप लगाया है।
गोंडा के रहने शख्स की पीटकर हत्या
युवक भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के आरा-पटना हाइवे पर स्थित कुल्हड़िया टोल प्लाजा पर काम करता था। मृतक का नाम बलवंत सिंह बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 35 साल है। वह गोंडा के कटरा बाजार का रहने वाला था। मारपीट के बाद शख्स को ट्रेन से उसके घर भेज दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अब इस मामले को लेकर मृतक बलवंत सिंह के पिता ने बाउंसरों पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है।
मामूली सी बात पर की मारपीट, हुई मौत
बताया जा रहा है कि 50 रूपये की चोरी का आरोप लगाकर टोल टैक्स पर तैनात हरियाणा के बाउंसरों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है जिसमें थप्पड़, डंडे से बुरी तरह बलवंत सिंह की पिटाई होती दिखाई दे रही है। हालांकि मृतक के पिता ने कहा कि उनके बेटे को इसलिए पीटा गया क्योंकि वह बृजभूषण शरण सिंह के क्षेत्र का था।
इस हत्या के लिए बृजभूषण शरण सिंह और हरियाणा के पहलवानों के बीच चल रहे विवाद को भी वजह बताया गया है। मृतक के पिता ने बयान दिया है कि उसके बेटे के साथ मारपीट चोरी की वजह से नहीं बल्कि इसलिए हई क्योंकि वह बृजभूषण शरण सिंह के क्षेत्र का था। वहीं पुलिस ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है। सभी आरोप फरार बताए जा रहे हैं।
कहा तो यह भी जा रहा है कि टोलकर्मियों के बीच जब राजनीति पर चर्चा होती थी तो मृतक युवक सांसद बृजभूषण सिंह का पक्ष लेता था, इससे हरियाणा के बाउंसर उससे नाराज रहते थे। यूपी पुलिस की शुरुआती जांच में हरियाणा के रोहतक के रहने वाले अभिमन्यु शर्मा, सुनील जाखड़, सुमित, विक्रम कौशिक, वहीं पश्चिमी यूपी के रहने वाले ज्ञानेंद्र सिंह और सागर गोलू के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।