देशभर में गणेशोत्सव का रंगारंग आगाज हो गया है। महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की एक अलग ही धूम देखने को मिलती है। गणपति को विराजमान करने से लेकर उनके विसर्जन तक 10 दिन का यह उत्सव चलता है। इस मौके पर हर धर्म और जाति के लोग गणेश जी की पूजा करते हैं। इस मौके पर गणेशोत्सव के पहले ही दिन पुणे से दिल छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है। दरअसल, पुणे में महाराष्ट्र की पहली ट्रांसजेंडर ढोल-ताशा टोली ‘शिखंडी’ ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी है।

वायरल वीडियो में दिखा ट्रांसजेंडर्स का जोश

सोशल मीडिया पर इनकी परफॉर्मेंस का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शिखंडी ग्रुप ने दिल छू लेने वाला परफॉर्मेंस दिया है। इस ग्रुप की परफॉर्मेंस ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। इस ग्रुप में 25 सदस्य हैं और अधिकतर ट्रांसजेंडर हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि इस ग्रुप के सभी सदस्य कमर पर ढोल को बांधकर पूरे जोश के साथ परफॉर्म कर रहे हैं।

पुणे का गणेशोत्सव है मशहूर

बता दें कि इस ग्रुप ने पुणे के जिस गणेशोत्व में परफॉर्म किया वह सार्वजनिक गणेशोत्सव पुणे की महिमा और संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। पुणे में दस दिनों तक चलने वाला गणेशोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है। पुणे के पांच गणपति, श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति, भाऊ रंगारी गणपति सहित कई प्रसिद्ध मंडलों के गणपति के दर्शन के लिए लाखों भक्त पुणे आते हैं। चौराहों पर गणेश मंडल मंडप और दृश्य बनाए जाते हैं।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए हैं वीडियो

राज्य में पहली थर्ड पार्टी ढोल-ताशा मंडली को शिखंडी नाम दिया गया है। इस ग्रुप का इंस्टाग्राम पर एक अकाउंट भी है जिस पर परफॉर्म के वीडियो पोस्ट किए गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि ढोल-ताशा मंडली शिखंडी ने भी अपना पहला प्रदर्शन किया है, जिसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया है।