म्यूनिख से बैंकॉक जा रही एक जहाज में कपल के बीच इस कदर लड़ाई हो गई, कि जहाज को दिल्ली में उतारना पड़ गया। कपल के बीच लड़ाई इस कदर हुई कि पायलट ने जहाज को नीचे उतारने का फैसला किया और फिर यह जहाज दिल्ली एयरपोर्ट में लैंड हुई।
जानकारी के मुताबिक, लुफ्थांसा की उड़ान संख्या एलएच 772 को सुबह 10.26 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया और इसके बाद विमान को लैंड करने की आज्ञा दी गई। हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कर्मियों ने पुरुष यात्री को विमान से नीचे उतार दिया। विमान एक घंटे से अधिक की देरी के बाद बैंकॉक के लिए रवाना हुआ।
बताया गया कि विमान में एक जर्मन व्यक्ति और उसकी थाई पत्नी के बीच बहस हो गई। विवाद अधिक बढ़ गया। पत्नी ने सबसे पहले अपने पति के व्यवहार के बारे में पायलट से शिकायत की थी और कहा था कि वह उसे “धमकी” दे रहा है और हस्तक्षेप की मांग की थी। बताया गया कि 53 वर्षीय जर्मन यात्री ने कथित तौर पर पत्नी पर खाना फेंक दिया, लाइटर का उपयोग करके कंबल को जलाने की कोशिश की, अपनी पत्नी पर चिल्लाया। इतना ही नहीं जब क्रू मेंबर्स ने उसे समझाने की कोशिश तो वह नहीं माना।
इसके बाद पायलट ने पहले पाकिस्तान के किसी एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश की लेकिन वहां से अनुमति नहीं मिली। इसके बाद विमान IGI एयरपोर्ट के ATC से संपर्क किया और विमान को लैंड करने की अनुमति मिल गई। विमान लैंड होने के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। हालांकि महिला यात्री उसी विमान से आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गई लेकिन पुरुष को रोक लिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुरुष यात्री ने अपनी हरकत के लिए एयरपोर्ट पर मौखिक रूप से माफ़ी मांगी। इसके बाद लुफ्थांसा द्वारा बैंकॉक के लिए एयर इंडिया की उड़ान का टिकट दिया गया। दोपहर तीन बजे के करीब वह आगे के लिए रवाना हो गया।