तेंदुए की शहर में घूमते हुए दिखाई देने की घटनाओं में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। अब मुंबई की सड़कों पर रात को एक तेंदुए खुलेआम घूमता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। मुंबई के मुलुंड इलाके में 21 जनवरी की रात को रिहायशी इलाके वसंत गार्डेन में देखा गया। तेंदुए को देखे जाने के बाद तुरंत इस बात की जानकारी वन विभाग को दी गई। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया।
मुलुंड पश्चिम के रेडवुड सोसाइटी गार्डेन में रहने वालों ने इस वन विभाग के अधिकारियों को बताया कि बिल्डिंग के पास तेंदुए को देखा है। जिसके बाद वन विभाग की ओर से भी इस बात की पुष्टि की गई। हालांकि वन विभाग ने लोगों को घबराने की कोई जरुरत नहीं है। सीसीटीवी में तेंदुआ कैद हुआ है। वन विभाग के डिप्टी संरक्षक केडी ठाकरे ने टीओआई से कहा कि स्थानीय लोगों ने फोन करके तेदुए को देखे जाने की बात कही थी। जिसके बाद टीम को भेजा गया। सोसाइटी नेशनल पार्क के बहुत करीब है। उन्होंने बताया कि तेंदुए की उम्र 7 साल होगी। वन विभाग की टीम के साथ मौके पर मौजूद स्वंयसेवी संस्था RAWW के फाउंडर पवन शर्मा ने कहा कि इस क्षेत्र में तेंदुए को अक्सर देखा जाता है। लेकिन लोगों को परेशान होनी की जरुरत नहीं है।
गौरतलब है कि शहरी और आबादी वाले क्षेत्रों में तेंदुआ देखे जाने की मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हुई है। कुछ मामलों में तेंदुए या जंगली जानवरों ने लोगों को अपना शिकार भी बनाया तो कहीं लोगों ने जानवरों के आतंक से त्रस्त होकर उनकी जान ले ली। साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल के रायगंज शहर में तेंदुए का आतंक देखने को मिला। तेंदुए को पकड़ने के चक्कर में एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया था। तेंदुआ एक घर में कैद हो गया था, जिसे पकड़ने के लिए नेट (जाल) बिछाया गया। लेकिन वन अधिकारियों समेत अन्य लोग तेंदुए को पकड़ने में नामकायब रहे। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम पिछले साल नवंबर में ग्रामीणों ने एक तेंदुए को पीट-पीटकर मार डाला था। बताया जा रहा था कि इस तेंदुए ने गांव के 9 लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया था।

