कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए प्रचार करने का ऐलान कर राजनीतिक महकमे में हलचल तेज कर दी है। बुधवार को सुदीप ने कहा कि वह कर्नाटक में आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। हालांकि उन्होंने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। किच्चा सुदीप के ऐलान पर एक्टर और नेता प्रकाश राज की प्रतिक्रिया सामने आई है।
किच्चा सुदीप पर क्या बोले प्रकाश राज?
पत्रकारों से बात करते हुए एक्टर किच्चा सुदीप ने कहा, ‘मैं केवल भाजपा के लिए प्रचार करूंगा, चुनाव नहीं लड़ूंगा।’ इस पर प्रकाश राज ने कहा है कि किच्चा सुदीप द्वारा भाजपा के समर्थन में प्रचार करने की बात कहना मेरे लिए बहुत दुखद और हैरान करने वाला है। प्रकाश राज के इस बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
आ रहे ऐसे कमेंट्स
@gopalgiri_uk यूजर ने लिखा कि ये अभी तक सिर्फ हैरान हैं, अभी तो बहुत कुछ बाक़ी है। क्या इन्हें सिर्फ अपने मन पंसंद के लोगों को समर्थन करने का अधिकार है? @doc_sacharr यूजर ने लिखा कि प्रकाश राज कह रहे हैं कि चीटिंग करता है तू, चीटिंग। @raoamitkaninwal यूजर ने लिखा कि आप आहत क्यों हैं श्रीमान? मोदी जी इसलिए जीते क्योंकि भारत ने उन्हें चुना और वे भारी बहुमत से जीते और वे बैक टू बैक दूसरी बार जीते और वे तीसरी बार भी जीतेंगे। आप चौंक क्यों गए? पूरा भारत उनका समर्थन कर रहा है।
@Krishna46132452 यूजर ने लिखा कि लेकिन क्यों? क्योंकि वह एक ऐसी पार्टी का समर्थन कर रहे हैं जो भारत और भारतीयों को पहले रखती है? वह एक ऐसी पार्टी का समर्थन कर रहे हैं जो इंफ्रा को विश्व स्तरीय बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है, वह एक ऐसी पार्टी का समर्थन कर रहे हैं जो भारत को विकसित बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है? एक यूजर ने लिखा कि ये मोदी जी को सपोर्ट नहीं करते तो ये चाहते हैं कि कोई भी ना करे। एक अन्य यूजर ने लिखा कि मैं समझ सकता हूं प्रकाश राज, आपको वाकई बहुत बड़ा झटका लगा है।
बता दें कि दावा किया जा रहा था कि किच्चा सुदीप भाजपा में शामिल हो सकते हैं, हालांकि उन्होंने इससे साफ़ इंकार कर दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा है कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन भाजपा के लिए प्रचार करेंगे। वहीं इसी बीच किच्चा सुदीप और उनके मैनेजर जैक मंजू को धमकी भरा पत्र मिला। इस पत्र में धमकी दी कि वह उनका निजी वीडियो लीक कर देंगे। इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज करवाई जा चुकी है।