उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा किए जाने वाले कटाक्ष पर अक्सर ही पलटवार करते नजर आते हैं। अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से वह समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर खूब हमला बोलते हैं। इसी क्रम में उन्होंने विपक्षी दलों के नेता पर निशाना साधा।

उन्होंने लिखा कि, ‘कांग्रेस सहित विपक्षी दलों का अपनी असफलताओं के लिए भाजपा को दोषी ठहराना फैशन बन गया है।’ केशव प्रसाद मौर्य द्वारा किए गए इस ट्वीट पर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स उनका समर्थन करते नजर आ रहे हैं तो वहीं कुछ लोगों ने चुटकी ली है। कुछ सोशल मीडिया हैंडल से प्रदेश की परेशानियों का जिक्र करते हुए सवाल किया गया है।

यूजर्स के जवाब : रहमान नाम के एक यूजर कमेंट करते हैं कि मुझे तो लगता है, सपा, बसपा और कांग्रेस जैसे तीन विषय छोड़कर आपको किसी भी बात की जानकारी नहीं होती है। क्या आप सरकारी परीक्षाओं के विषय में कोई जानकारी दे सकते हैं, यह नहीं तो आप बजट के बारे में ही कुछ बता दीजिए। राजेश त्रिपाठी नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए सवाल किया – और कोई काम आपके पास नहीं बचा है क्या सर?

राजेंद्र कुमार नाम के एक यूजर ने लिखा कि जनता विपक्षियों के बारे में बहुत अच्छी तरीके से जानती है। अगर वह जानती होती तो आप सत्ता में कैसे आते। सुरेश कुमार नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया – 100 दिन मांगे थे, 8 साल हो गए हैं। भाजपा की असफलताओं के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराना सही नहीं है। दिलीप बर्मा पूछते हैं कि अगर आप की सरकार में सब कुछ सही है तो जनता खुश क्यों नहीं है?

जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी पल्लवी पटेल से हार का सामना करना पड़ा था। इसको लेकर भी विपक्षी दल के नेता केशव प्रसाद मौर्य पर चुटकी लेते रहते हैं। हाल में ही सदन में पल्लवी पटेल ने यूपी डिप्टी सीएम पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि जिन्हें जनता ने नकार दिया है, उन्हें संवैधानिक पदों पर नहीं बैठना चाहिए था।