उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों का वार- पलटवार जारी है। इसी बीच यूपी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) का एक वीडियो शेयर किया। इसी वीडियो का जिक्र पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज अपनी कौशांबी की जनसभा में भी किया। केशव प्रसाद मौर्य द्वारा शेयर किए गए वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने एक तस्वीर शेयर कर बताया कि सच्चाई क्या है।
दरअसल, अखिलेश यादव 22 फरवरी को कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट पर पहुंचे थे। वहीं का एक वीडियो शेयर करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज कसा। यूपी डिप्टी सीएम द्वारा शेयर किए गए वीडियो में अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी का एक कार्यकर्ता गौतम बुद्ध की प्रतिमा दे रहे थे। जिसको अखिलेश यादव अपने हाथ में लेने के बजाय पीछे रखने का इशारा कर रहें हैं।
इस वीडियो को शेयर कर केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा – श्री अखिलेश यादव जी भगवान तथागत गौतम बुद्ध से इतनी नफरत क्यों करते हो, क्या यह भी नहीं सपा का चरित्र हैं। 24 फरवरी को पीएम मोदी ने इसी वीडियो का जिक्र कर जनता से कहा कि मैं कल यहां कौशांबी का एक वीडियो देख रहा था। यह घोर परिवारवादी किस तरह दलितों का अपमान करते हैं, ये उस वीडियो में साफ दिखाई देता है।
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रिया : केशव प्रसाद मौर्य द्वारा साझा किए गए वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने अखिलेश यादव की वह तस्वीर साझा की है, जिसमें वह कौशांबी से सपा प्रत्याशी पल्लवी पटेल द्वारा दी जा रही गौतम बुद्ध की प्रतिमा को स्वीकार कर रहे हैं। विवेक यादव नाम की एक यूजर ने इस तस्वीर को शेयर कर लिखा – सच्चाई। कुलदीप नाम के एक टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि फिर यह तस्वीर कैसी है?
अंकित यादव नाम के एक टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि आपको यह तस्वीर नहीं दिखती क्या? झूठ बोलने में बीजेपी वालों ने पीएचडी कर रखी है। रजत नाम के एक यूजर ने लिखा कि पूरा वीडियो डालिए। आप डिप्टी सीएम हैं, इस तरीके का झूठ बोलना सही नहीं है। राहुल नाम के एक ट्विटर यूजर ने कमेंट किया, ‘ आप उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री होते हुए भी इस तरह के झूठ बोलते हैं। किसी पर कटाक्ष करना ही है तो सही चीजों से करिए न? जानकारी के लिए बता दें कि अखिलेश यादव ने भी कौशांबी में केशव प्रसाद मौर्य को स्टूल मंत्री कहा था।