फ्लाइट में महिला क्रू मेंबर से अभद्रता करने के आरोप में केरल निवासी एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि वह फ्लाइट में सिगरेट पी रहा था। महिला क्रू मेंबर ने उसे रोका तो आरोपी ने सबके सामने अपनी पैंट की जिप खोल दी। इसके बाद उसे फ्लाइट से डी-बोर्ड कर दिया गया। साथ ही, एयरपोर्ट पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि यह फ्लाइट सऊदी अरब के जेद्दाह से नई दिल्ली आ रही थी।

केरल का रहने वाला है आरोपी: पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अब्दुल शाहिद शमसुद्दीन के रूप में हुई है। वह केरल के कोट्टयम का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। नई दिल्ली स्थित एयरपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, आरोपी शमसुद्दीन ने पहले महिला क्रू मेंबर के साथ गाली-गलौज भी की थी। इसके बाद उसने सिगरेट बुझाने से भी इनकार कर दिया।

National Hindi News, 28 May 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें

सऊदी अरब एयरलाइंस की फ्लाइट में हुआ हंगामा: सूत्रों के मुताबिक, यह घटना सऊदी अरब एयरलाइंस की फ्लाइट में हुई। यह फ्लाइट जेद्दाह से नई दिल्ली आ रही थी। बताया जा रहा है कि सिगरेट पीने से रोकने पर आरोपी ने फ्लाइट में हंगामा कर दिया। साथ ही, वह गाली-गलौज भी करने लगा।

पैंट की जिप खोल करने लगा अश्लील इशारे: बताया जा रहा है कि महिला केबिन क्रू ने अपने सहयोगियों को बुलाया तो आरोपी ने अपनी पैंट की जिप खोल दी और वह अश्लील इशारे करने लगा।

पहले जेद्दाह में उतारा, फिर दिल्ली लाए: बताया जा रहा है कि पहले आरोपी को जेद्दाह में डी-बोर्ड किया गया, लेकिन बाद में उसे इसी फ्लाइट से ही दिल्ली ले आए। दिल्ली में फ्लाइट लैंड करने के बाद क्रू मेंबर्स ने मामले की सूचना एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों को दी। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करके पहले एयरपोर्ट पुलिस और फिर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।