केरल के कोच्चि से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। एक शख्स मॉल में बुर्का पहनकर घुस गया और लेडीज टॉयलेट में वीडियो बनाने लगा। मॉल के सिक्युरिटी गार्ड को बुर्का पहने शख्स पर जब शक हुआ तो उसे पकड़ लिया और तब उसकी पोल खुल गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना कोच्चि के लूलू मॉल में हुई
बताया जा रहा है कि घटना कोच्चि के लूलू मॉल में हुई है। यहां एक शख्स बुर्का पहनकर मॉल में दाखिल हुआ। किसी ने उसे पहचाना नहीं कि ये लड़का है क्योंकि उसने बुर्का पहना हुआ था। शख्स लेडीज टॉयलेट में गया और महिलाओं का वीडियो बनाने लगा। एक दरवाजे के ऊपर शख्स ने बॉक्स में मोबाइल भी रख दिया था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
जब सिक्युरिटी गार्ड को शख्स पर शक हुआ तो उन्होंने शख्स पकड़ा और पूछताछ की। तब पता चला कि बुर्का पहनकर लेडीज टॉयलेट में एक शख्स घूम रहा था ना कि महिला। शख्स को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी मिली कि आरोपी रोबोटिक्स इंजीनियर है और प्राइवेट कंपनी में काम करता है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (सी) (ताक-झांक), 419 (प्रतिरूपण) और आईटी अधिनियम की धारा 66ई के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं सोशल मीडिया पर शख्स का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह बुर्का पहने हुए दिखाई दे रहा है।
एक ट्विटर यूजर ने वायरल वीडियो पर लिखा, ‘भारत सरकार को महिलाओं की सुरक्षा के लिए कदम उठाना चाहिए और सार्वजनिक स्थानों पर बुर्के पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।’ एक अन्य ने लिखा, ‘इस तरह के पहनावे का गलत इस्तेमाल हो रहा है, सहमति से इसके खिलाफ कठोर कदम उठाये जाने चाहिए।’ एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘ऐसे लोगों को जेल भेजने की जगह मनोचिकित्सक के पास भेजा जाना चाहिए।’