पाटीदारों के लिए लंबे वक्त से आरक्षण की मांग कर रहे और पाटीदार अनमत आंदोलन समिति के नेता हार्दिक पटेल इन दिनों प्राकृतिक इलाज करा रहे हैं। सेहत दुरुस्त करने वह उसी जगह पहुंचे, जहां कभी आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जाया करते थे। प्राकृतिक इलाज कराते और सैर करते हुए हार्दिक की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया के जरिए सामने आए हैं।

पाटीदार नेता के करीबी माने जाने वाले निखिल सवानी ने इस बारे में बताया, “भूख हड़ताल के बाद हार्दिक इन दिनों कर्नाटक के बेंगलुरू शहर में हैं। जिंदल नेचरक्योर इंस्टीट्यूट में उनका इलाज चल रहा है। वह यहां 28 सितंबर तक प्राकृतिक इलाज कराएंगे।”

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 25 वर्षीय हार्दिक पटेल यहां 17 सितंबर को भर्ती हुए थे। अनशन के दौरान उनकी सेहत में काफी गिरावट आ गई थी। यही नहीं, उनका तकरीबन 20 किलो कम हो गया था। यही कारण था कि उन्होंने बेंगलुरू स्थित इस केंद्र का रुख किया।

आपको बता दें कि पाटीदार समुदाय को आरक्षण और किसानों की कर्जमाफी के मसले पर वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। वह 19 दिनों तक बगैर कुछ खाए-पिए रहे थे। 12 सितंबर को उनके समर्थकों ने नारियल पानी पिलाकर उनकी हड़ताल तुड़वाई थी।

इन दिनों खुद को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए वॉक पर निकलते हैं हार्दिक पटेल, देखें VIDEO-

https://twitter.com/khelmahavir/status/1042635476119769088

रोचक बात है कि हार्दिक से पहले इस जगह पर केजरीवाल भी अपना इलाज करा चुके हैं। साल 2015 और 2016 में उनको खांसी और जुखाम की शिकायत आई थी। वह तब क्रमशः 12 और 10 दिनों की छुट्टी लेकर यहां आए थे। फिर 2017 में भी 16 दिन का उनका यहां का चक्कर लगा था। वहीं, इस साल जून में भी आप नेता ने इलाज के लिए बेंगलुरू का रुख किया था। कारण- उपराज्यपाल के दफ्तर में नौ दिनों तक धरने के बाद उनके स्वास्थ्य में भारी गिरावट आई थी।