18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। NDA की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू अपने समर्थन के लिए देशभर का दौरा कर रही हैं। ऐसे में उन्हें पक्ष के साथ विपक्ष के लोगों का भी समर्थन मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के बाद रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पार्टी जनसत्ता ने भी उनके समर्थन का ऐलान कर दिया है।

मीडिया चैनलों से बातचीत कर रहे राजा भैया से जब द्रौपदी मुर्मू को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के दो विधायक द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में ही मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि आज की परिस्थिति में द्रौपदी मुर्मू को प्रत्याशी बनाया जाना बहुत महत्वपूर्ण शुरुआत है। द्रौपदी मुर्मू को प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट किया।

जब राजा भैया से शिवपाल यादव और ओपी राजभर पर सवाल किया गया कि क्या वह लोग भी द्रोपति मुर्मू का समर्थन करेंगे? इसके जवाब में राजा भैया ने कहा, ‘ डिनर पार्टी के दौरान इन दोनों लोगों ने ही द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात कही है लेकिन इसके बारे में ज्यादा जानकारी के लिए आप उनसे ही संपर्क कर सकते हैं। लेकिन जनसत्ता दल के विधायक द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में ही मतदान करेंगे।’

शिवपाल यादव ने किया यह ऐलान : प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सपा विधायक शिवपाल यादव ने कहा है कि मैं पहले ही कह चुका हूं, जो वोट मांगेगा, उसे दूंगा। ना तो समाजवादी पार्टी ने मुझे फोन किया है और ना ही मेरा वोट मांगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे आमंत्रित किया था, जहां मैंने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें वोट देने का फैसला किया।

जानकारी के लिए बता दें कि एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को सत्ता पक्ष के अलावा ओमप्रकाश राजभर, जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह, बहुजन समाज पार्टी के नेता उमाशंकर सिंह और सपा विधायक सुखपाल सिंह यादव समेत विपक्षी पार्टी के कई नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का ऐलान किया है। गौरतलब है कि हाल में ही द्रौपदी मुर्मू लखनऊ प्रवास पर पहुंची थीं। जहां उन्होंने भाजपा, अपना दल, निषाद पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ संवाद किया था।