अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के कुत्ते ‘कमांडर’ को व्हाइट हाउस से बाहर कर दिया गया है। बाइडेन की पत्नी जिल की प्रवक्ता ने कुत्ते को वाइट हाउस बाहर निकाले जाने की जानकारी शेयर की है। बाइडेन के इस कुत्ते का नाम कमांडर था जो उन्हें गिफ्ट के तौर पर मिला था।

बाइडेन का कुत्ता ‘कमांडर’ काफी उग्र हो गया था, वह लगातार वाइट हाउस में मौजूद कर्मियों पर अटैक कर रहा था। एक दो बार नहीं बल्कि 11 बार इस कुत्ते ने स्टाफ पर हमला किया था। उसने सीक्रेट सर्विस की फीमेल अफसर को भी काट लिया था। ये 11वीं बार था जब बाइडेन के डॉग ने व्हाइट हाउस या सीक्रेट सर्विस के स्टाफ पर अटैक किया।

कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए लिया गया फैसला

बाइडेन की पत्नी जिल की प्रवक्ता एलिजाबेथ एलेक्जेंडर ने बुधवार को कमांडर के अमेरिकी राष्ट्रपति भवन से निकाले जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया, “राष्ट्रपति और प्रथम महिला व्हाइट हाउस में काम करने वालों और हर दिन उनकी सुरक्षा करने वालों की सुरक्षा का बहुत ध्यान रखते हैं।” उन्होंने कहा कि इतनी बार अटैक करने के बाद भी सुरक्षाकर्मी काम करते रहे, इसके लिए वह आभारी हैं।

जानकारी के अनुसार, कमांडर ने 11 बार सीक्रेट सर्विस एजेंटों सहित व्हाइट हाउस के कर्मचारियों को काटा ये वह घटनाएं हैं जिनकी गिनती हुई है। बताया जा रहा है कि इस कुत्ते ने कई बार लोगों पर हमला किया, जिसे उजागर नहीं किया गया। 3 नवंबर 2022 को, एक अधिकारी को जांघ और बांह पर काटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना में अधिकारी बुरी तरह घायल हो गया था।

बता दें कि जो बाइडेन का कुत्ता ‘कमांडर’ दो साल का है, उसे जेम्स और सारा बिडेन, जो उनके भाई और भाभी है। उनकी ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति को दिया गया एक उपहार था। वह पहली बार 20 दिसंबर 2021 को व्हाइट हाउस आये थे। उग्र रवैये के कारण ही कमांडर को वाइट हाउस से बाहर किया गया है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि कमांडर को कहां भेजा गया है।