नवरात्रि के साथ-साथ देश भर में रामलीला का आयोजन किया गया है। कई जगहों पर पारंपरिक रामलीला चल रही है। इसी बीच झारखंड का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां मंच पर खड़े होकर जैसे ही ‘परशुराम’ ने क्रोधित होकर पूछा कि धनुष किसने तोड़ा? वह मंच पर गिर पड़े। कुछ देर तो किसी को कुछ समझ ही नहीं आया, जब तक लोग समझ पाते, देर हो चुकी थी।
झारखंड के गढ़वा के डंडे स्थित करके गांव में रामलीला का आयोजन किया गया था। यहां लोग रोजाना की तरह रामलीला देखने पहुंचे थे। 40 साल के विनोद प्रजापति रामलीला में परशुराम का किरदार निभा रहे थे। ‘भगवान राम द्वारा धनुष तोड़े जाने के बाद परशुराम के क्रोधित’ होने का दृश्य चल रहा था। जैसे ही विनोद प्रजापति क्रोधित होकर मंच पर पहुंचे और पूछा कि धनुष किसने तोड़ा? इसके बाद ही उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
हार्ट अटैक से हुई मौत
हार्ट अटैक आने के बाद विनोद प्रजापति मंच पर ही गिर पड़े। किसी को कुछ समझ ही नहीं आया कि आखिर ये हुआ क्या? थोड़ी देर इंतजार करने के बाद भी जब विनोद मंच पर खड़े नहीं हुए तो लोग उनके पास पहुंचे। मंच पर मौजूद अन्य कलाकार भी विनोद के पास गए। इसके बाद पर्दा लगा दिया। बताया गया कि उन्हें हार्ट अटैक आया था और उनकी मौत हो गई।
मंच पर गिरे मनोज को देखकर वहां मौजूद लोगों को लगा कि वह बेहोश हो गए हैं। उन्हें आनन फानन में लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने यह भी पुष्टि की उन्हें हार्ट अटैक आया था। यह खबर सुनकर रामलीला वाली जगह मातम पसर गया। लोगों की आंखों में आंसू आ गए। विनोद प्रजापति पिछले कई सालों से रामलीला में किरदार निभा रहे थे।
विनोद प्रजापति झामुमो के पंचायत अध्यक्ष थे, वह करके गांव के ही रहने वाले थे। लोगों ने बताया कि वह पूरी तरह से स्वस्थ थे और इस तरह के सामाजिक कार्यक्रमों में हमेशा हिस्सा लेते थे। करीब दस साल से वह रामलीला में परशुराम का किरदार निभा रहे थे लेकिन रामलीला मंच पर ही उनकी मृत्यु देखकर लोग हैरान रह गए। विनोद के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।