12 नवंबर को पूरे धूमधाम से दीपावली मनाई गई। अयोध्या की दीपावली की पूरे विश्व में चर्चा हो रही है। निर्माणाधीन राम मंदिर को खूब सजाया गया था। 22 जनवरी को राम मंदिर का शिलान्यास होने वाला है। हालांकि देश में एक मंदिर ऐसा भी है, जहां 75 साल बाद दीपावली मनाई गई। यह मंदिर जम्मू कश्मीर में स्थित है।

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के टीटवाल में शारदा मंदिर है, जो एलओसी से सटा हुआ है। मंदिर से जुड़े लोगों का दावा किया यहां 75 साल बाद पहली बार दीपावली मनाई गई। ‘सेव शारदा कमेटी’ के फाउंडर और प्रमुख रविंद्र पंडिता ने ANI को बताया कि यहां 75 साल में पहली बार दिवाली पर पूजा हो रही है। यह बहुत खुशी की बात है कि 75 साल बाद लोगों को यह पूजा एक बार फिर देखने के लिए मिली है।

इस मंदिर को सजाया गया था, मिट्टी के दिए जलाए, पूजा पाठ की गई और वहां लोग एकत्रित होकर पटाखे फोड़ते भी दिखाई दिए। टीटवाल शारदा पीठ की तीर्थयात्रा का एक पारंपरिक मार्ग हुआ करता था, इसे आखिरी बार 1948 में विभाजन के बाद बंद कर दिया गया था। इसी साल इस मंदिर का पुर्निर्माण कर 22 मार्च को इसका उद्घाटन किया गया था।

रविंद्र पंडिता ने बताया, “इस मंदिर का उद्घाटन इसके जीर्णोद्धार के बाद 22 मार्च को किया गया था क्योंकि इसे पहले हुए हमलों के दौरान ध्वस्त कर दिया गया था। 1947 में कबाईलियों के हमले से पहले, एक धर्मशाला और एक सिख गुरुद्वारा एक ही भूखंड में मौजूद थे जिन्हें जला दिया गया था।

सेवा शारदा कमेटी ने मंदिर और एक सिख गुरुद्वारे को पुनः प्राप्त करने के बाद उसके पुनर्निर्माण का बीड़ा उठाया। शारदा पीठ नीलम नदी के किनारे शारदा गांव में स्थित एक परित्यक्त मंदिर है, जो पहले शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र था। इसे पूरे दक्षिण एशिया में 18 अत्यधिक पूजनीय मंदिरों में से एक माना जाता है।