भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के प्रवक्ता लाइव टीवी डिबेट में तू-तू मैं-मैं कर रहे थे। प्रियंका चतुर्वेदी #MeToo मूवमेंट और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर को लेकर सत्तारूढ़ बीजेपी को घेर रही थीं। वहीं, संबित पात्रा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर पुरजोर तरीके से सुकन्या देवी का बलात्कार करने का आरोप लगा रहे थे। शो को विषय से भटकते देख न्यूज एंकर अंजना ओम कश्यप बुरी तरह बिफर गईं और बोलीं, “मैं अगर कुछ कहूंगी, तो आप दोनों बगलें झांकने लगेंगे। आपके पास कुछ कहने के लिए नहीं होगा।”

यह मामला आज तक के कार्यक्रम हल्लाबोल से जुड़ा है। पात्रा इसमें राहुल के दतिया स्थित पीताम्बरा मंदिर में जाकर पूजा करने पर सवाल खड़े कर रहे थे। बकौल बीजेपी प्रवक्ता, “जो कहता था कि मंदिर जाने वाले लड़कियों को छेड़ते हैं, आज अचानक उसी शख्स (राहुल) ने मंदिर जाना शुरू कर दिया।” देखिए जोरदार डिबेट के दौरान क्या हुआ था-

महिला कांग्रेस नेता ने पलटवार करते हुए कहा, “लड़की छेड़ने से आपके एमजे अकबर याद आ जाते हैं। उनकी बात कर लें जरा। आप जब महिलाओं पर बात करते हैं, तो महिला होने के नाते मेरा खून खौल उठता है। आपके मंत्री सत्ता पाकर बैठे रहते हैं और एक महिला के खिलाफ 100 से अधिक वकील खड़े कर देते हैं।”

इधर, पात्रा राहुल पर खुलकर सुकन्या का रेप करने का आरोप लगा रहे थे। वह उन्हें इसी आधार पर बलात्कारी कह रहे थे। फिर क्या था, दोनों की बहस खत्म न होते देख अंजना ने सख्त तेवर अपनाया और कहा, “मैं कुछ कहूंगी तो आप दोनों बगलें झांकने लगेंगे। सबरीमाला मंदिर के मसले पर कांग्रेस के मुंह पर ताला लग जाता है, जबकि मीटू-एमजे अकबर पर पूछिए तो बीजेपी प्रवक्ताओं के मुंह सिल जाते हैं। आप दोनों महान न बनें।”