Agra Husband Wife Dispute: उत्तर प्रदेश के आगरा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति-पत्नी के बीच बिंदी को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मामला थाने और फिर वहां से परिवार परामर्श केंद्र पहुंच गया। छोटी सी बिंदी को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए बड़े विवाद को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसिलर ने सुलझाया और पति-पत्नी को वापस एक साथ रहने को राजी किया।

महज आठ महीने पहले हुई थी शादी

पति-पत्नी के अजीबोगरीब विवाद का मामला आगरा के सिकंदरा क्षेत्र का है। युवती की शादी महज आठ महीने पहले ही इरादतनगर के रहने वाले युवक से हुई थी। दोनों के बीच सबकुछ ठीक था। इस बीच पति को ये एहसास हुआ कि पत्नी की बिंदी का खर्च बहुत ज्यादा है। ऐसे में वो ये गिनने लगा कि पत्नी दिन भर में कितनी बिंदियां लगाती है।

यह भी पढ़ें – हाई हील वाली सैंडल की शौकीन थी पत्नी, पति ने नहीं दिलाई तो थाने पहुंची महिला, तलाक की स्थिति

निगरानी करने पर पति के सामने ये बात आई कि पत्नी दिन भर में कई बिंदियां बदलती है। ऐसे में उसने उसे टोका जिससे दोनों में विवाद हो गया। हद तो तब हो गई जब पति ने पत्नी को रोजाना लगाने के लिए गिनकर बिंदियां देना शुरु कर दिया। इस बात से नाराज पत्नी ने झगड़ा किया और फिर मायके चली गई। वो बीते तीन महीने से वहीं रह रही थी।

पति की हरकतों से नाराज पत्नी ने थाने जाकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। ऐसे में पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और मामले की जानकारी ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसे परिवार परामर्श केंद्र में ट्रांसफर कर दिया।

यह भी पढ़ें – सरसों तेल बना पति-पत्नी के झगड़े की वजह, तलाक तक पहुंच गई बात, पूरा मामला जानकर पुलिस ने पीट लिया माथा

काउंसलिंग के दौरान पत्नी ने बताया कि काम करते-करते बिंदी इधर-उधर हो जाती थी जिसकी वजह से उसे बिंदी लगानी पड़ती थी। साथ ही उसे बिंदी लगाने का शौक भी था, इसलिए वो दिन भर में तरह-तरह की बिंदी लगाती थी।

वहीं, पति ने स्वीकार किया कि उसने बिंदी की गिनती करना शुरू कर दिया था। वो पत्नी को गिनकर बिंदियां देता था। हालांकि, अब वो यह आदत छोड़ने को तैयार है। ऐसे में परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के बाद दोनों में सुलह हो गई। दोनों ने घर लौटने का फैसला लिया।