केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने बुधवार को रोहिंग्याओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ फ्लैट मुहैया कराने की जानकारी दी। हरदीप पुरी के इस ट्वीट के बाद सियासी भूचाल सा आ गया, आम आदमी पार्टी के साथ बीजेपी के लोग ही इस बात पर नाराजगी जताने लगे। जिसके बाद गृह मंत्रालय ने ट्वीट कर सफाई दी। गृह मंत्रालय की ओर से बताया गया कि ऐसा कोई आदेश नहीं दिया गया है। इस मसले को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स केंद्र सरकार पर चुटकी लेने लगे।
गृह मंत्रालय ने दी सफाई
गृह मंत्रालय की ओर से रोहिंग्या मुस्लिमों के विषय पर चलाई जा रही खबरों पर कहा गया कि रोहिंग्या मुस्लिमों को EWS फ्लैट्स में बसाने का कोई आदेश नहीं दिया गया है। दिल्ली सरकार ने रोहिंग्या मुस्लिमों को नई जगह शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया था। रोहिंग्या मुसलमानों का प्रत्यर्पण किए जाने को लेकर गृह मंत्रालय पहले ही संबंधित देशों से बातचीत कर चुका है।
इसके साथ ही गृह मंत्रालय द्वारा स्पष्ट किया गया कि अवैध घुसपैठियों को या तो डिटेंशन सेंटर में रखा जाता है या फिर उन्हें उनके देश भेज दिया जाता है। दिल्ली सरकार ने को अभी तक डिटेंशन सेंटर नहीं घोषित किया है। इसके साथ ही दिल्ली सरकार से कहा गया कि उन्हें तुरंत ऐसा करने का आदेश दिया जाता है।
लोगों के रिएक्शन
गृह मंत्रालय की ओर से सफाई आने के बाद सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कुछ लोग हरदीप पुरी को टैग करते हुए पूछने लगे कि आपने ऐसे क्यों लिख दिया था तो वहीं कुछ लोग केंद्र सरकार पर चुटकी ले रहे हैं। पत्रकार अभिजीत मजूमदार ने कमेंट किया, ‘हर चीज के लिए मीडिया को ब्लेम मत किया करिए, आपकी पार्टी के एक बड़े केंद्रीय मंत्री ने बहुत गर्व के साथ ट्वीट किया था।’ पत्रकार गोपीकृष्णन लिखते हैं कि मीडिया को पंचिंग बैग बना दिया है, आप के मंत्री ने ही ऐसा ट्वीट किया था। अब उनके ट्वीट का क्या होगा?
पत्रकार रणविजय सिंह ने लिखा – मोदी सरकार में सब ठीक तो है? एक मंत्री कहते हैं कि रोहिंग्या को फ्लैट दिए जाएंगे, सुविधाएं दी जाएंगी। वहीं, गृह मंत्रालय इस बात से इंकार कर देता है। मंत्री की कोई क्रेडिबिलिटी ही नहीं, गजब तमाशा है.. हंसी आ रही है। शाश्वत नाम के एक ट्विटर यूजर लिखते हैं, ‘ये सब देश चला रहे हैं कि घर खानदान का झगड़ा दिखा रहे हैं। बताइए, एक मंत्री कुछ कह रहे हैं और एक मंत्रालय कुछ और राग लेकर आ गया है। लोकतंत्र है, सबको बोलने की आजादी है, दो मंत्रालय ही बोल लें पहले।’
मंत्री ने किया था ऐसा ट्वीट
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर कहा था कि भारत ने हमेशा उन लोगों का स्वागत किया है जिन्होंने देश में शरण मांगी है। एक ऐतिहासिक फैसले में सभी रोहिंग्या शरणार्थियों को दिल्ली के बक्करवाला इलाके में ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्हें मूलभूत सुविधाएं, यूएनएचसीआर आईडी और चौबीसों घंटे सुरक्षा प्रदान की जाएगी।