गुजरात में बारिश के बाद रिहायशी इलाकों में मगरमच्छ देखने को मिल रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस तरह की कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले एक 14 फुट का मगरमच्छ एक कॉलोनी में पाया गया था। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। एक अन्य मगरमच्छ को छत पर देखा गया था वहीं दूसरा मगरमच्छ डॉगी को खींचकर ले जा रहा था। इसी बीच सोशल मीडिया पर मगरमच्छों के झुंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक मगमच्छ एक मवेशी को मुंह में दबाकर खींच कर ले जा रहा है। यह वीडियो काफी डरावना है, इसे ड्रोन से शूट किया गया है।
लोगों के मन में मगरमच्छों को लेकर डर पैदा हो गया है। आलम यह है कि लोग जहां अभी भी थोड़ा पानी जमा है, वहां जाने से डर रहे हैं। यह भी जानकारी सामने आई है कि सांप भी निकलने शुरू हो गए हैं।
एक साथ 4 मगरमच्छों के वीडियो वायरल
मगरमच्छों के झुंड का यह वायरल वीडियो विश्वामित्री नदी के किनारे का है। नदी के पास के इलाके में तैर रहे चार मगरमच्छों का यह वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। वीडियो में एक मगरमच्छ अपने मुंह में मृत मवेशी को ले जा रहा है। बता दें कि वडोदरा में भारी बारिश शुरू होने के बाद से विश्वामित्री नदी से मगरमच्छों के बाहर आने की यह 15वीं घटना है।
एक अन्य वीडियो में एक मगरमच्छ को अपने मुंह में डॉगी को लेकर एक कॉलोनी में घूमते हुए देखा गया। एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए शख्स ने लिखा, ”जब-जब विश्वामित्री नदी में बाढ़ आती है तो पानी के साथ मगरमच्छ भी सड़कों पर आ जाते हैं।”
हमारे सहयोगी Indianexpress.com के अनुसार, 26-29 अगस्त के बीच वन विभाग और एनजीओ स्वयं सेवकों ने 14 मगरमच्छों को बचाया था। वडोदरा शहर में बाढ़ जैसे हालात के बीच मगरमच्छों से संबंधित 15 घटनाएं सामने आई हैं।
इससे पहले नदी से 100 मीटर दूर कामनाथ महादेव मंदिर से 14 फुट के मगरमच्छ को बचाया गया था। वडोदरा रेंज के वन अधिकारी करण सिंह राजपूत ने कहा कि तालाब के पास वाले इलाकों से 14 मगरमच्छों को बचाया गया है।
देखिए वायरल वीडियो-