कश्मीर में बर्फबारी के कारण मंगलवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जाने वाली और यहां आने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अब तक कुल 16 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिनमें आठ यहां आने वाली और आठ यहां से प्रस्थान करने वाली उड़ानें शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के कारण काजीगुंड क्षेत्र में जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर यातायात ठप हो गया है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘श्रीनगर हवाई अड्डे पर प्रतिकूल मौसम की स्थिति और लगातार बर्फबारी को देखते हुए एयरलाइंस ने आज कुछ उड़ानें रद्द कर दी हैं।’’ अधिकारी ने बताया, ‘‘यात्रियों को लेटेस्ट जानकारी और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।’’ उड़ानों के रद्द होने से सैकड़ों पर्यटक कश्मीर में फंस गए हैं।

मौसम विभाग ने घाटी के अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी और कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी हिमपात की संभावना जताई है। घाटी में बादलों के छाए रहने के कारण रात के तापमान में मामूली वृद्धि हुई, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान शून्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

पढ़ें- जानें आपके शहर के मौसम का हाल

श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो दिन बाद यातायात बहाल कर दिया गया और फंसे हुए वाहनों को फिसलन भरे रास्तों से सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने कहा कि भारी हिमपात के बाद हिमाचल प्रदेश में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, स्थानीय संपर्क सड़कों के बंद होने के कारण सैकड़ों पर्यटक मनाली में फंसे हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी के कारण सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम के पर्यटक स्थल बर्फ की मोटी चादर से ढक गए हैं। उन्होंने बताया कि मध्य, उत्तर और दक्षिण कश्मीर के जिलों में बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फबारी के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बाधित हुआ। काजीगुंड और बनिहाल के बीच बर्फ जमा होने की वजह से श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। उन्होंने बताया कि बर्फ हटाने का काम जारी है और इस दौरान राजमार्ग पर किसी भी प्रकार के यातायात की अनुमति नहीं दी जा रही है।

बर्फबारी के कारण रेल सेवाएं प्रभावित

बर्फबारी के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। ट्रेन की पटरियों तथा हवाईअड्डे के रनवे पर पर भी बर्फ जमी रहने के कारण बनिहाल तथा बडगाम के बीच कुछ ट्रेनें रद्द कर दी गईं। खराब मौसम के बीच जनता की सहायता के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने संबंधित जिलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के साथ संपर्क नंबर भी जारी किया हैं।

जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के बाद सड़क साफ करने का काम जारी है। एक ट्रक चालक ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, “मेरे पास एक ट्रक है। कल सुबह 9 बजे से सभी वाहन रोक दिए गए हैं। कल सड़क बिल्कुल साफ थी, बर्फबारी नहीं हुई थी। मैं यातायात एसएसपी से जल्द से जल्द सड़क साफ करने की अपील करता हूं। यहां हजारों वाहन हैं। पूरी रात बर्फबारी होती रही।”

जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 28 जनवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है जबकि अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क लेकिन बादल छाए रहने की संभावना है। यात्रियों और वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित यातायात इकाई से राजमार्गों और सड़कों की स्थिति की पुष्टि कर लें। किसानों को 28 जनवरी तक सभी कृषि कार्यों को स्थगित करने की सलाह दी गई है। बर्फ से ढके ऊंचे इलाकों में रहने वाले लोगों को हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने के खिलाफ चेतावनी दी गई है।

पढ़ें- गंगा, यमुना, कृष्णा… दर्शक दीर्घाओं को नदियों का नाम दिया गया

(भाषा के इनपुट के साथ)