उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के सदर थाना क्षेत्र में यमुना किनारे स्थित एक बाग में हरे पेड़ काटे जाने के आरोप में वन विभाग ने विजय कुमार सेठ सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

सदर थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया कि वन रक्षक ब्रह्मसिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शहर कोतवाली के असिकुंडा घाट निवासी विजय कुमार सेठ ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर प्लॉट काटने के इरादे से प्राचीन यमुना बाग के एक हिस्से में लगे शहतूत, कदंब, नीम, बेल, पापड़ी आदि के 26 बड़े और 29 छोटे पेड़ काट डाले।

किन धाराओं में FIR दर्ज की गई

उन्होंने बताया कि इन सभी के खिलाफ उत्तर प्रदेश ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में वृक्ष संरक्षण अधिनियम, 1976 की प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि बाग परिसर में पुरातात्विक महत्व का एक प्राचीन महादेव मंदिर भी स्थित है। मंदिर के पीछे स्थित बाग में कई दिन से हरे पेड़ों की कटाई की जा रही थी।

आरोप है कि मुख्य गेट पर ताला डालकर आम जनता की आवाजाही रोक दी गई थी। जब लोगों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक (शहर) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी विजय कुमार सेठ की तलाश जारी है। (भाषा)

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी सेना ने पिछले चार वर्षों में 1200 बार अफगानिस्तान सीमा का उल्लंघन किया