Google Trends: देश के जाने-माने उद्योगपति और टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा के स्वास्थ्य को लेकर आज अफवाह फैल गई। इसके बाद वह गूगल सर्च ट्रेंड में छा गए। वह चार घंटे तक टॉप पर छाए रहे। करीब 20 हजार से ज्यादा लोगों ने गूगल पर सर्च किया। यह अफवाहें इतनी मजबूत थीं कि रतन टाटा को खुद ही अपने स्वास्थ्य के बारे में एक बयान जारी करना पड़ा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट बयान में उन्होंने लिखा, ‘मैं अपने स्वास्थ्य के बारे में हाल ही में फैली अफवाहों से अवगत हूं और सभी को आश्वस्त करना चाहता हूँ कि ये दावे निराधार हैं। मैं वर्तमान में अपनी उम्र और संबंधित चिकित्सा स्थितियों के कारण चिकित्सा जांच करवा रहा हूं। चिंता का कोई कारण नहीं है। मैं अच्छे मूड में हूं और अनुरोध करता हूं कि जनता और मीडिया गलत सूचना फैलाने से बचें।’

गूगल पर हुए ट्रेंड

उद्योगपति रतन टाटा गूगल पर अच्छे खासे ट्रेंड हुए। इस पर यूजर्स ने कई प्रतिक्रिया भी दीं। एक यूजर ने लिखा, ‘रतन टाटा जी बिल्कुल ठीक-ठाक है स्वस्थ हैं और यह झूठी अफवाह फैलाई जा रही है कि उनकी तबीयत खराब है अस्पताल में हैं। भगवान से मेरी प्रार्थना है कि उनका सदा सदा के लिए स्वस्थ रखें।’

Google Trends: कौन हैं भाविका मंगलनंदन? UN में शहबाज शरीफ को दिया कड़ा जवाब, लोग बोले- भारत के लिए गर्व का क्षण

एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘सोशल मीडिया पर #RatanTata जी की स्वास्थ्य संबंधित चल रही अफ़वाहों को लेकर उन्होंने अपने ट्वीट से सही जानकारी दी है।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘रतन टाटा जी पूरी तरह से स्वस्थ हैं भगवान उनको लंबी आयु प्रदान करें रतन टाटा जी जैसा देशभक्त और दानी बिजनेसमैन हो नहीं सकता, हम भगवान से आपकी लंबी उम्र की कामना करते हैं।’

रतन टाटा दो बार टाटा ग्रुप के अध्यक्ष रहे

रतन टाटा 1991 से 2012 तक और 2016 से 2017 तक दो बार टाटा ग्रुप के अध्यक्ष रहे। हालांकि उन्होंने लंबे समय से कंपनी के दैनिक कामकाज से खुद को अलग कर लिया है, लेकिन वे इसके चैरिटेबल ट्रस्टों के प्रमुख बने हुए हैं। 2008 में उन्हें भारत का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म विभूषण मिला। उन्हें 2000 में तीसरा सबसे बड़ा सम्मान पद्म भूषण मिला। सोशल मीडिया में रतन टाटा काफी लोकप्रिय हैं। एक्स पर उनके 1.3 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं जबकि इंस्टाग्राम पर करीब एक करोड़ लोग उन्हें फॉलो करते हैं।