उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देकर ट्रोल हो रहे हैं। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ”उप्र व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री नारायण दत्त तिवारी जी के निधन पर हार्दिक श्रद्धांजलि!” इस ट्वीट में प्रयोग किए गए ‘हार्दिक’ शब्द पर कुछ ट्विटर यूजर्स आपत्ति जता रहे हैं। उनका कहना है कि हार्दिक शब्द का इस्तेमाल किसी शुभ कार्य में बधाई या शुभकामना संदेश देने के लिए होता है। सिद्धार्थ सचिन नाम के यूजर ने लिखा, ”ये हार्दिक श्रद्धांजलि का मतलब क्या है? हार्दिक बधाई तो समझ में आता है। हार्दिक इस्तेमाल ज्यादा खुशी हो तो होता है।” चेतन गिरि गोस्वामी ने लिखा, ”शर्म करो शर्म हार्दिक बधाइयां कब देते हैं।” साकेत झा ने लिखा, ”कुछ बातें सिखायी नहीं जा सकतीं।” इसी तरह ढेरों प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का गुरुवार (18 अक्टूबर) को दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वह 93 साल के थे। वह गुर्दे की समस्याओं से जूझ रहे थे।

उनके परिवार में उनकी पत्नी उज्जवला और बेटा रोहित शेखर हैं। दो राज्यों के मुख्यमंत्री रहने वाले पहले भारतीय तिवारी पिछले साल सितंबर से अस्पताल में भर्ती थे। बीती जुलाई से वह इंटेसिंव केयर यूनिट (आईसीयू) में थे। नैनीताल में 18 अक्टूबर, 1925 को जन्मे एनडी तिवारी तीन बार (1976-77, 1984-85 और 1988-89) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके साथ उत्तराखंड में वह 2002-2007 में मुख्यमंत्री रहे। चौधरी चरण सिंह की सरकार में वह केंद्रीय मंत्री भी रहे। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के मंत्रिमंडल में भी वह रहे। उन्होंने वित्तमंत्री और विदेश मंत्री की जिम्मेदारियां संभाली। 2007 में उन्हें आंध्र प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

2009 में एक यौन मामले में नाम आने पर उन्हें इस पद से हटना पड़ा था। स्वतंत्रता के बाद 1952 में वह नैनीताल निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बने थे। 1963 में वह कांग्रेस में शामिल हुए और 1994 में इस पार्टी से निकलकर उन्होंने अखिल भारतीय इंदिरा कांग्रेस (तिवारी) नाम से अपनी पार्टी का निर्माण किया। 1996 में वह फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए। पिछले वर्ष उन्होंने बीजेपी के प्रति भी अपना समर्थन दिखाया था लेकिन आधिकारिक रूप से वह इस पार्टी में शामिल नहीं हुए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तिवारी के निधन पर शोक व्यक्त किया था।

[bc_video video_id=”5849842032001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”default” embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]