गुजरात के अहमदाबाद में पीजी की लड़कियों और वहां रहने वाली महिलाओं के बीच हुई तू-तू मैं-मैं का वीडियो वायरल है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि लड़कियों और महिलाओं के बीच सड़क पर कहासुनी हो रही है। इतना ही नहीं, छीना छपटी और धक्का मुक्की भी हुई है। मामला लड़कियों के कपड़े और गाड़ी की पार्किंग को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में पुलिस थाने तक पहुंच गया।
मामला अहमदाबाद के सैटेलाइट एरिया स्थित शिवरंजनी सोसायटी के पीजी (पेइंग गेस्ट) का है। पीजी में रहने वाली लड़कियों और स्थानीय महिलाओं के बीच गाड़ी पार्किंग और लड़कियों के कपड़ों के मुद्दे पर विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी और धक्का मुक्की भी हुई। वीडियो में महिलाएं और लड़कियां कहासुनी करती दिखाई दे रही हैं।
दोनों पक्ष ने पुलिस से की शिकायत
हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पक्ष के लोगों ने पुलिस थाने में शिकायत दी है। पीजी की लड़कियां और स्थानीय महिलाओं ने पुलिस को एक प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिवरंजनी सोसायटी में कई लोग घर में पीजी चला रहे हैं। पीजी के कारण सोसायटी में वाहन पार्किंग, लड़कियों के कपड़े और देर रात तक आवजाही को लेकर सोसाइटी के लोगों के अन्य लोगों के साथ कहासुनी होती रहती है।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीजी में रहने वाले लड़के और लड़कियां वहां का माहौल खराब कर रहे हैं। वहीं महिलाओं का आरोप है कि पीजी में रहने वाली लड़कियां अश्लीलता फैला रही है, हंगामा, शोर करना और फिर विवाद खड़ा करना रोज की कहानी हो गई है।
महिलाओं का कहना है कि किसी लड़की या लड़के को टोको तो बहस करने लग जाते हैं। पीजी मालिक भी इनपर कोई कंट्रोल नहीं रख पा रहे हैं। इससे सोसाइटी का माहौल खराब हो रहा है। हमने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है। बता दें कि सोशल मीडिया पर इस कहासुनी का वीडियो वायरल है।