मां तो मां होती है, चाहे वो इंसान हो या फिर जानवर। एक मां के हृदय में संवेदनाओं और भावनाओं का होना तय है। इंसान तो छोड़िए जानवर भी अपने बच्चों को लेकर बहुत संवेदनशील होते हैं। उन्हें बच्चों को कुछ हो जाने पर इंसान जैसी ही तकलीफ होती है। इस बात को सिद्ध करता हुए एक वीडियो इनदिनों सोशल मीडिया पर वायरल है।
वीडियो ने सोशल मीडिया यूजर्स को कर दिया भावुक
वायरल वीडियो में एक हथिनी अपने मृत बछड़े की बॉडी को घसीटते हुए दिख रही है। बच्चे के लिए उसकी इस तड़प और संवेदना ने सोशल मीडिया यूजर्स को भावुक कर दिया है।
बता दें कि एडीएफओ जयंत मंडल की ओर से रिकॉर्ड किया गया वीडियो, इंडियन फॉरेस्ट सर्विस के अधिकारी परवीन कासवान ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर पोस्ट किया है। इस वीडियो ने हाथी जैसे बड़े जीव के भी इमोशनल पहलू को दिखाया है।
हथिनी मां घसीट रही है बच्चे की लाश
वीडियो में देखा जा सकता है कि अपने बच्चे की मौत को समझ पाने में असमर्थ, दुखी हथिनी मां बच्चे की लाश को घसीट रही है। उसकी हर हरकत उसके दर्द का प्रमाण दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि वो कई दिनों तक मरे हुए बछड़े के साथ रही, उसे शव को पीछे छोड़ने की इच्छा नहीं थी।
कासवान ने अपने पोस्ट के कैप्शन में कहा, “हाथी की मां अपने बछड़े की मौत को समझ नहीं पा रही है। वो लाश को कुछ समय तक, कभी-कभी कई दिनों तक घसीटती रहती है। वो भी हमारे जैसे ही हैं, वो बहुत मानवीय हैं। यह ऐसा पहला मामला नहीं है। इसे घटना को एडीएफओ जयंत मंडल ने रिकॉर्ड किया है। पिछले कई सालों की नौकरी में मैंने पर्सनली ऐसे कुछ उदाहरण देखे हैं। कभी-कभी पूरा झुंड इस तरह की घटना में शामिल हो जाता है, ये अंतिम संस्कार के लिए निकाली गई यात्रा जैसा दिखता है।”
एक लाख से अधिक बार देखा गया वीडियो
बता दें कि वीडियो ने वर्ल्ड वाइड यूजर्स को प्रभावित किया है। इसे एक लाख से अधिक बार देखा गया है। वीडियो के कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने इमोशनल कमेंट किए हैं।
एक यूजर ने कहा, “एक मां का अपने बच्चे के लिए जो प्यार होता है, उससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।” एक अन्य ने कहा, “वे हमसे कहीं अधिक भावुक और सहानुभूतिपूर्ण हैं। ये ईश्वर के साथ उनके जुड़ाव को दर्शाता है। भगवान मां को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।” गौरतलब है कि इस घटना से ये बात स्पष्ट हो जाता है कि जानवर भी गहरे शोक और दुख से गुजरते हैं। उनमें भी इंसानों जैसी ही भावनाएं होती हैं।