पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष ने गायकवाड़ को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।पूर्व सांसद गायकवाड़ महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं।पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा कि ,कांग्रेस अध्यक्ष ने एकनाथ गायकवाड़ को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।’
मुंबई कांग्रेस प्रमुख मिलिंद देवड़ा के इस्तीफे के तीन हफ्ते बाद मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस के प्रमुख के रूप में गायकवाड़ की नियुक्ति की गई है। गायकवाड़ दो बार सांसद रह चुके हैं। ट्विटर पर जारी की गई इस जानकारी को लेकर ट्विटर यूजर्स ने कांग्रेस को ट्रोल करना शुरू कर दिया।ट्विटर यूजर्स ने यहां तक लिखा कि कांग्रेस का कोई अध्यक्ष है ही नहीं तो फिर एकनाथ गायकवाड़ की नियुक्ति किसने की?
गौरतलब है कि मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने 7 जुलाई को इस पद से त्यागपत्र दे दिया था। मिलिंद देवड़ा ने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक तीन सदस्यीय समिति बनाने का सुझाव दिया था। बता दें कि लोकसभा चुनाव में करारी हार झेलने के बाद कांग्रेस में इस्तीफों का दौर चला, पहले कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी ने इस्तीफा दे दिया इसके बाद एक एक कर कई बड़े नेताओं ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।