कांग्रेस पार्टी के महासचिव दिग्विजय सिंह ने ताजा ट्वीट में अपने सभी फॉलोअर्स से माफी मांगी है। दिग्विजय सिंह ने यह माफी भरा ट्वीट शुक्रवार (19 अगस्त) को किया था। दरअसल, शुक्रवार को यूपी के बुंदेलखंड में भुजरियाा या कजलिया नाम का त्योहार था। इस दिन सब एक दूसरे से साल भर में हुई भूल-चूक के लिए माफी मांगते हैं। इस वजह से ही दिग्विजय सिंह ने भी मांफी मांगी थी। दिग्विजय सिंह ने दो ट्वीट किए। पहले में उन्होंने लिखा, ‘आज बुन्देलखण्ड में भुजरिया या कजलिया का त्यौहार है। आज के दिन सभी एक दूसरे से साल भर की भूल चूक के लिये माफ़ी मॉंगते हैं।’ वहीं दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘मैं भी सभी से साल भर की भूल चूक के लिये क्षमा याचना करता हूँ।’

इन ट्वीट्स को देखकर लोगों ने दिग्विजय सिंह का काफी मजाक बनाया। इससे पहले भी दिग्विजय सिंह कई बार लोगों के निशाने पर आए हैं। गुरुवार (18 अगस्त) को उन्होंने कश्मीर को लेकर विवादित बयान दे दिया था। उन्होंने कश्मीर को ‘भारत अधिकृत कश्मीर’ कहा था। दिग्विजय सिंह ने अपने बयान में कहा था, ‘नरेंद्र मोदी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के बारे में ज्यादा सोच रहे हैं। उन्होंने बलूचिस्तान के लोगों को बधाई दी। लेकिन वह भारत में मौजूद कश्मीर के लोगों से बात करने के लिए तैयार नहीं हैं। सबसे पहले हम लोगों को कश्मीर के लोगों में विश्वास पैदा करना होगा। चाहे वो भारत अधिकृत कश्मीर हो या फिर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर। हमें लोगों के बीच में विश्वास पैदा करना पड़ेगा और वह बातचीत के जरिए ही हो सकेगा। प्रधानमंत्री के ऐसे भाषणों से स्थिति और बिगड़ेगी।’

देखिए इस बार उनके ट्वीट पर लोगों ने कैसे प्रतिक्रिया दी-

https://twitter.com/aakash__agarwal/status/766609516326563840