उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह फिरोजाबाद के अस्पताल का निरीक्षण और लोगों से मुलाकात करते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के नेता और कार्यकर्ता उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर तंज कस रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तमाम लोग “गाना चोरी” करने का आरोप लगाया है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शेयर किया वीडियो

वीडियो शेयर कर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लिखा है कि आज जनपद फिरोजाबाद के CHC सिरसागंज में जनस्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण कर मरीजों से उनके स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जाना एवं स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की गुणवत्ता व चिकित्सकों के कार्य व्यवहार की जानकारी ली। इस वीडियो के बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है, सपा नेता और समर्थक दावा कर रहे हैं कि यह गाना समाजवादी पार्टी के कैंपेन का है।

सपा नेताओं ने ऐसे घेरा

@akashyphd यूजर ने लिखा कि बेचारे डिप्टी सीएम, काम दिखाने के चक्कर में सपा का थीम सॉन्ग ही लगाकर प्रचार करने लगे, अब न बजाते बन रहा है, न हटाते। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी, जिस गाने को बैकग्राउंड में लगाकर आप प्रचार कर रहे हैं। वह सपा का थीम सांग है। @DrVermaAshutosh यूजर ने लिखा कि ये कॉपीराइट का विषय है। वैसे पूरी भाजपा सरकार का विश्वास कॉपी, पेस्ट में है। समाजवादी पार्टी का काम बोलता है और बोलता रहेगा।

@jeetusp यूजर ने लिखा कि उपमुख्यमंत्री जी समाजवादी विचारधारा पर बने हुए समाजवादी गीत का प्रचार प्रसार करते हुए, काम तो कुछ किया नहीं काम चुराते-चुराते समाजवादी गीत भी चुरा लिया। @AnuragVerma_SP यूजर ने लिखा कि ये क्या: अब Bjp वाले समाजवादियों के गाने भी चुराने लग गये हैं। एक यूजर ने लिखा कि सपा का प्रचार करने के लिए मंत्री जी का धन्यवाद व आभार। @nehalahmadsi यूजर ने लिखा कि पाठक जी विचारों से समाजवादी हैं, भाजपा में रहते हुए भी गाना समाजवादी पार्टी का ही पसंद करते हैं।

बता दें कि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें “जिस मिट्टी में हम जन्मे वह अपनी जिम्मेदारी है” गाना बज रहा है। सपा नेताओं का कहना है कि यह गाना सपा का थीम साॅन्ग है। इसी को लेकर समाजवादी कार्यकर्ता उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को निशाने पर ले रहे हैं।