दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसके लिए 8 फरवरी को वोटिंग होनी है। 11 फरवरी को मतगणना होगी जिसके बाद ये तय होगा कि दिल्ली के सीएम की कुर्सी पर कौन बैठेगा। इस चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस चुनाव में बीजेपी और आम आदमी पार्टी में सीधा मुकाबला बताया जा रहा है। वहीं दोनों दलों में जुबानी जंग भी चालू है। इन सबके बीच दिल्ली बीजेपी चीफ मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि वह पूर्वांचल और बिहार के लोगों का अपमान कर रहे हैं।

मनोज तिवारी ने हिंदी न्यूज चैनल टीवी 9 भारतवर्ष से बात करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल लगातार पूर्वांचलियों और बिहारियों का अपमान करते आ रहे हैं। मनोज तिवारी ने कहा कि, ‘अरविंद केजरीवाल उनके गाने रिंकिया के पापा पर तंज कसते रहते हैं। उन्हें ये नहीं पता कि इस गाने में एक बेटी की बात है। रिंकिया एक बेटी है।’ मनोज तिवारी ने कहा कि भोजपुरी गाने मेरे दिल के आज भी बहुत करीब हैं। उन्होंने कहा कि वो रोज सुबह रिंकिया के पापा गाते भी हैं। इतना ही नहीं मनोज तिवारी ने यह भी कहा कि इस गाने में बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का संदेश है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की तरह मत बन जाओ कि बेटी के पिता का दुश्मन बन जाओ।

बता दें कि अरविंद केजरीवाल सार्वजनिक मंच से मनोज तिवारी पर तंज कस चुके हैं कि वो रिंकिया के पापा बहुत अच्छा गाते हैं। अरविंद अपने चुनावी सभाओं में भी मोनज तिवारी के भोजपुरी गानों पर चुटकी ले चुके हैं। दरअसल मनोज तिवारी राजनीति में आने से पहले भोजपुरी सिंगर और एक्टर रह चुके हैं। राजनीति में आने के बाद मनोज तिवारी का फिल्मों से नाता तो ना के बराबर रह गया है लेकिन वो अब भी भोजपुरी गाने गाते दिख जाते हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी बीजेपी की तरफ से मनोज तिवारी के कंधो पर ही है। मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद भी हैं। वह यहां से दूसरी बार जीते हैं। इस लोकसभा सीट में पूर्वांचलियों और बिहारियो की संख्या काफी ज्यादा है जिसे देखते हुए बीजेपी ने मनोज तिवारी पर दांव लगाया था।

होने जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भी सोशल मीडिया में इस तरह की बातें की जा रही थीं कि मनोज तिवारी बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री के उम्मीदवार हो सकते हैं। हालांकि ना तो तिवारी और ना ही बीजेपी की तरफ से इस पर किसी तरह का आधिकारिक बयान आया है।