उत्तर प्रदेश के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इससे जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि जानवरों पर भी आफत आ गई है। लखीमपुर खीरी से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक गांव में मगरमच्छ घुस गया। इसकी जानकारी लगते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

चारपाई के नीचे रातभर बैठा रहा मगरमच्छ

मामला लखीमपुर खीरी में भीरा थाना क्षेत्र के फुटहा गांव का है, यहां एक शख्स के घर में चारपाई के नीचे रातभर एक मगरमच्छ बैठा रहा। हैरानी की बात यह है कि चारपाई के ऊपर एक शख्स सो रहा था। सुबह जब उसकी नींद खुली तो मगरमच्छ को देखकर उसके होश उड़ गये। उसने चिल्लाकर अपने पड़ोसियों को बुलाया। कुछ ही देर में मगरमच्छ देखने के लिए शख्स के घर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस को दी सूचना, ग्रामीणों ने खुद किया रेस्क्यू?

बताया जा रहा है कि शारदा नदी में आई बाढ़ के कारण मगरमच्छ गांव में घुसा और लाला राम के घर में घुस गया। हालांकि लाला राम चारपाई सो रहे थे, मगरमच्छ नीचे जाकर बैठ गया। सुबह जब उनकी नींद खुली तो वह डर गये और आसपास के लोगों को एकत्रित किया। इसकी सूचना 112 पर कॉल पर पुलिस की और सूचना मिलने के कुछ ही देर में टीम मौके पर पहुंची।

सूचना के बाद वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़कर बोरे में बंद कर दिया था। इसके बाद उसे फिर शारदा नदी में ही छोड़ दिया गया। लगातार मगरमच्छ के हमले से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं, जिसकी वजह से कई जिले बाढ़ की चपेट में आ गये हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यकतानुसार एनडीआरएफ, एसडीआर्रएफ/पीएसी तथा गोताखोर टीमों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं, राहत सामग्री बांटने में देरी ना किये जाने के भी निर्देश सीएम द्वारा दिए गए हैं।