‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) 23 नवंबर को मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) पहुंच गई है। यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भी मध्य प्रदेश आ गए हैं। राहुल गांधी के पहुंचने पर कांग्रेस के प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस बीच राहुल गांधी की एक तस्वीर सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में राहुल गांधी सिर पर गमछा बांधे हुए बैठे हैं। तस्वीर को कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक (Ragini Nayak) ने शेयर किया तो लोग कई तरह के कमेंट (Comment) करने लगे।

रागिनी नायक ने शेयर की तस्वीर

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में राहुल गांधी सिर पर गमछा बांधे बैठे हुए हैं और उनके हाथ में एक कॉपी भी है, जिसे वह पढ़ रहे हैं। इसी तस्वीर को शेयर करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने लिखा, “महीनों तक देश में घूम-घूम, बाधा-विघ्नों को चूम-चूम। सह धूप, घाम, पानी, पत्थर…राहुल गांधी आए कुछ और निखर।” कांग्रेस समर्थक पूजा त्रिपाठी ने इस तस्वीर पर कमेंट किया कि मिट्टी से सना पैंट, सर पर गमछा, पढ़ते, हर घंटे कपड़े बदलने वाला तानाशाह इसके सामने कितना बौना दिखता है।

लोगों ने किए ऐसे कमेंट्स

पत्रकार आदेश रावल ने इस तस्वीर को साझा कर लिखा कि गुजरात के आदिवासी क्षेत्र की रैली से राहुल गांधी की ये तस्वीर काफी चर्चा में है। सिर पर गमछा, मिट्टी से सनी पैंट। आदिवासियो के मुद्दों को उठाते रहे है राहुल गांधी। रविंद्र त्रिपाठी नाम के ट्विटर यूजर द्वारा कमेंट किया गया कि हर घंटे का बड़ा बदलने वाले लोगों को राहुल गांधी की ऐसी तस्वीर देखनी चाहिए।

अनुपम मिश्रा नाम के एक यूजर द्वारा लिखा गया – सौभाग्य न सब दिन सोता है, देखो आगे क्या होता है। राहुल गांधी के नेतृत्व से कांग्रेस जल्द ही और आगे बढ़ेगी। प्रमोद नाम के एक यूजर ने कमेंट किया, ” किसानों का रूप धारण कर लेने से कोई किसान नहीं हो जाता है, क्या कभी राहुल गांधी खेत में दिखाई दिए हैं?” शुभम शुक्ला नाम के एक यूजर ने लिखा – राहुल गांधी की तस्वीर तो बढ़िया लग रही है लेकिन इस पर कई प्रश्न चिन्ह भी खड़े किए जा सकते हैं। क्या किसानों की तरह लगने से कोई किसानों की समस्या समझ सकता है क्या? राहुल गांधी किसानों के मुद्दे पर उनके साथ खड़े क्यों नहीं होते हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर जमकर हमला बोल रहे हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत करते हुए कहा कि इस यात्रा के पीछे 2 – 3 लक्ष्य है। ये यात्रा उस नफरत, हिंसा और डर के खिलाफ है। जिसे भारत में फैलाया जा रहा है।