जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जब शिंजो आबे को गोली मारी गई, तब वह एक सभा को संबोधित कर रहे थे। गोली लगने के बाद शिंजो आबे को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। भारत के पीएम नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर दुःख जताया है तो वहीं कांग्रेस नेता ने हत्या करने वाले को अग्निवीर बताया है। 

कांग्रेस नेता उदित राज ने ट्वीट कर लिखा कि “जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की हत्या करने वाला अग्निवीर था।” उदित राज के इस ट्वीट पर लोग भड़क गये। कुछ लोगों ने उनके इस ट्वीट पर आक्रोश व्यक्त किया है तो कुछ लोगों ने उदित राज के साथ ही कांग्रेस को घसीटते हुए जमकर खिंचाई की है। 

लोगों की प्रतिक्रियाएं: ओम प्रकाश नाम के यूजर ने लिखा कि ‘फिर भी आप लोग उनकी हत्या से इतना खुश क्यों हैं? आपके चीन में भी खुशी मनाई जा रही है।’ दीपक शांडिल्य नाम के यूजर ने लिखा कि ‘ऐसे ही लोगों की वजह से कांग्रेस अपना वजूद खोती जा रही है, कई बार तो लगता है कि ऐसे लोग पार्टी को सिर्फ नुकसान पहुंचाने के लिए उसमें शामिल होते हैं, पार्टी के शीर्ष लोगों को संज्ञान लेना चाहिए।’

दिग्विजय सिंह राणा नाम के यूजर ने लिखा कि ‘राजीव गांधी की हत्या करने वाला तो अग्निवीर नहीं था! इंदिरा गांधी की हत्या करने वाले अग्निवीर नहीं थे, सरदार बेअंत सिंह की हत्या करने वाला अग्निवीर नहीं था! पता नहीं किसने आपको सांसद बनाया!’ योगेश नाम के यूजर ने लिखा कि ‘किसी की हत्या गोली मार कर दी गई, उसके लिए शांति की प्रार्थना करना तो दूर, यहां राजनीति कर भारत की अग्निवीर योजना को टारगेट करने और जनता को भड़काने के लिए भड़काऊ ट्वीट करने पर इस देशविरोधी नेता पर कार्रवाई क्यों होनी चाहिए?’

रंजन नाम के यूजर ने लिखा कि ‘आप राजनीति कीजिए देश के लिए लेकिन आपकी इतनी छोटी सोच होगी, इसकी भनक भी मुझे नहीं थी, यदि बाबा साहेब आज होते तो आपको फटकार लगाते।’ इंद्राज पुरी नाम के यूजर ने लिखा कि ‘यही हरकतें है तुम्हारी, कुछ नहीं हो पा रहा है वरना अब तक कांग्रेस के अध्यक्ष बन गए होते।’

बता दें कि जानकारी के अनुसार, शिंजो आबे को गोली मारने वाले शख्स की उम्र 41 साल है और उसका नाम तेत्सुयू यामागामी बताया जा रहा है। यामागामी जापान मेरिटाइम सेल्‍फ डिफेंस फोर्स (JMSDF) का सदस्य भी रह चुका है। यह फोर्स जापान के समुद्री तटों की सुरक्षा करने का काम करती है।