मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए 6 नवंबर को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इंदौर पहुंची थी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। हालांकि इस दौरान एक ऐसा वाक्या हुआ जिसका वीडियो शेयर कर लोग कांग्रेस नेताओं पर तंज कस रहे हैं। दरअसल एक कांग्रेस नेता ने प्रियंका गांधी को गुलदस्ता दिया लेकिन उसमें एक भी फूल नहीं था।
सामने आए वीडियो में कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रियंका गांधी वाड्रा का स्वागत करते हुए दिखाया गया है। एक-एक करके पार्टी नेता उनके पास जाते हैं और उनका अभिवादन करते हैं। कुछ नेताओं ने उन्हें गुलाब के फूल तोहफे में दिए। कुछ नेताओं के साथ उन्होंने तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसी दौरान एक शख्स प्रियंका गांधी को गुलदस्ता देकर स्वागत करने पहुंचा, लेकिन गुलदस्ते में एक भी फूल नहीं था।
गुलदस्ते में एक भी फूल ना देखकर प्रियंका गांधी भी हैरान रह गईं। उन्होंने शख्स से कुछ सवाल पूछा और शख्स ने इस पर कुछ जवाब भी दिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोगों की इस पर खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
एक X यूजर ने लिखा, ‘प्रियंका गांधी को कांग्रेस नेता ने बिना फूल वाला गुलदस्ता देकर “Fool” बना दिया। वैसे मध्यप्रदेश में कांग्रेस की हालत भी इस खाली गुलदस्ते की तरह हो गई है।’ एक अन्य ने लिखा, ‘ये नेता भी अजब गजब कारनामे कर देते हैं, प्रियंका गांधी को गुलदस्ता भी बिना फूल के ही दे दिया।’ एक अन्य ने लिखा, ‘कांग्रेस नेता नहीं सुधरेंगे, अब इसमें भी घोटाला कर दिया।’
अपने भाषण के दौरान प्रियंका गांधी ने भी इस गुलदस्ता का जिक्र किया, उन्होंने कहा, ‘मैं जब यहां आई तो मुझे गुलदस्ता भेंट किया गया, जिसमें फूल नहीं थे। भारतीय जनता पार्टी भी इसी तरह के गुलदस्ते आपको दिखा रही है, जिसमें फूल नहीं है।’ खाली गुलदस्ता देने वाले कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि मैंने प्रतीकात्मक रूप से गुलदस्ता दिया था कि किस तरह से बीजेपी सरकार ने खजाना खाली कर देते हैं।