जंगल के राजा शेर को सामने देखकर किसी की भी हालत खराब हो जाएगी। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में एक शेर कॉलोनी के बीच घूमता दिखाई दिया। लोग अपने घरों में छुपकर उसका वीडियो बना रहे थे। बताया गया कि यह शेर सर्कस के बाड़े से निकलर भाग गया था, जिसे देखकर लोगों में दहशत फ़ैल गई।
वायरल वीडियो इटली का बताया जा रहा है, जहां शेर अपने बाड़े से भागने के बाद इटली के एक शहर की सड़कों पर घूमता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय अधिकारियों ने तुरंत वहां निवासियों को चेतावनी दी, और शेर के पकड़े जाने तक घर में ही रहने की सलाह दी। पुलिस और अधिकारी तुरंत शेर की खोजबीन में लग गए।
वीडियो शेयर कर बताया गया कि “शेर #Ladispoli के घरों में घूम रहा है। आज जो हो रहा है वह अविश्वसनीय है।” वीडियो बना रही महिला शेर को देखकर चीखने लगती है। महिला की चीख सुनकर शेर उसकी तरफ देखता है और अपनी चाल में वहां से आगे निकल जाता है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है।
हालांकि कुछ घंटों की मशक्कत के बाद शेर को बचाव दल ने पकड़ लिया गया और सर्कस कर्मचारियों को सौंप दिया गया है। बताया गया कि शेर को बेहोश करके पकड़ लिया गया। इस शेर को पकड़ने के लिए राज्य पुलिस, काराबेनियरी, अग्निशामक, स्थानीय और प्रांतीय पुलिस, स्थानीय लोगों ने पकड़ने में मदद की। सभी को मेयर की तरफ से धन्यवाद कहा गया है।
इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को एक लाख से अधिक लोगों ने देखा है जबकि 2 हजार से ज्यादा लोगों ने कमेंट्स किये हैं। वीडियो को @galvanimichele नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने शेयर किया है। वीडियो में लोगों की डरावनी आवाज आसानी से सुनी जा सकती है।