अच्छी किस्मत और मनचाहा फल पाने के लिए लोग तरह-तरह के टोटके करते हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला चीन से सामने आया है। यहां एक शख्स ने उड़ान भरने जा रही फ्लाइट के इंजन में सिक्के फेंक दिए। जिसके कारण उड़ान में 4 घंटे की देरी हो गई।
स्थानीय मीडिया ने इस बारे में जानकारी दी कि चाइना सदर्न एयरलाइंस फ्लाइट CZ8805 को सान्या से बीजिंग के लिए 6 मार्च की सुबह 10 बजे उड़ान भरनी थी। विमान को 2 बजकर 16 मिनट पर लैंड करना था लेकिन ऐसा हो न सका।
शख्स ने प्लेन के इंजन में सिक्के डाले
फ्लाइट में देरी इस वजह से हुई कि एक शख्स ने प्लेन के इंजन में सिक्के डाल दिए। इसका एक वीडियो भी सामने आया जिसमें देखा जा सकता है कि शख्स कुछ कर रहा है। फ्लाइट अटेंडेंट ने शख्स को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछने पर पता चला कि उसने इंजन में सिक्के डाल दिए हैं। शख्स ने कहा कि उसने 3-5 सिक्के डाले हैं। ऐसा उसने गुड लक के लिए किया है। हालांकि, जांच के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने सिक्के ढूंढ निकाले। उन्होंने सिक्कों की संख्या का खुलासा नहीं किया।
एयरलाइंस के कस्टमर सर्विस ने बयान जारी कर कहा, ‘एयरक्राफ्ट मैंटेनेंस स्टाफ ने व्यापक सुरक्षा निरीक्षण किया और उसे पता चला कि उड़ान भरने से पहले कोई सुरक्षा समस्या नहीं थी।’ एयरलाइंस ने लोगों की ऐसी हरकतों को लेकर चेतावनी जारी करते हुए कहा, “विमान में सिक्के फेंकने से विमानन सुरक्षा को खतरा होता है और इसके लिए अलग-अलग स्तर की सजा दी जाएगी।”
पिछले कुछ साल में यहां से ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां लोग फ्लाइट के इंजन में सिक्के डाल देते हैं। लोग ऐसा गुड लक के लिए करते हैं। शख्स ने कहा था कि उसने इंजन में सिक्का इसलिए डाला था ताकि यात्रा सुरक्षित हो सके। हालांकि, पकड़े जाने के बाद इंजन में सिक्का डालने वाले शख्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
चीन में कुछ साल पहले भी ऐसी घटना के कारण फ्लाइट को रद्द कर दिया गया था। उड़ान भरने से पहले एक यात्री ने लाल कागज में सिक्कों को लपेटकर हवाई जहाज के इंजन में फेंक दिया था। उड़ान भरने से ठीक पहले ही एयरपोर्ट कार्यकर्ताओं ने रनवे पर ही कुछ सिक्के देख लिए थे, जिसके बाद उन्होंने केबिन क्रू को इसकी जानकारी दी। इस घटना के कारण उड़ान को रद्द करने का आदेश दिया गया था।