Nagpur Police Vikram Lander: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के लैंडर विक्रम के चांद पर उतरने का इंतजार पूरा देश बेसब्री से कर रहा था। लेकिन लैंडर ‘विक्रम’ का चांद की सतह पर उतरने से पहले ही इसरो से संपर्क टूट गया। जिसके बाद देश में लोगों के चेहरे मायूस हो गए। इस बीच सोमवार को इसरो के एक अधिकारी ने कहा कि ‘चंद्रयान-2’ का लैंडर ‘विक्रम’ चांद की सतह पर साबुत अवस्था में है और यह टूटा नहीं है। हालांकि, ‘हार्ड लैंडिंग’ की वजह से यह झुक गया है तथा इससे पुन: संपर्क स्थापित करने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। जिसके बाद लोगों की चेहरे खिल उठे। इस सबके बीच महाराष्‍ट्र के नागपुर शहर की पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल से एक ऐसा ट्वीट किया जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

क्या है नागपुर पुलिस के ट्वीट में: बता दें कि नागपुर पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल से जो ट्वीट किया है उसमें लिखा है- ‘डियर विक्रम, कृपया जवाब दो, सिग्‍नल तोड़ने के लिए हम आपका चालान नहीं काटने वाले हैं।’ गौरतलब है की नागपुर पुलिस के इस ट्वीट को लोगों ने इसरो और नागपुर पुलिस को भी टैग करते हुए रिट्वीट किया है। फिलहाल इस समय यह ट्वीट ट्रेंड कर रहा है।

नागपुर पुलिस का ट्ववीट

चन्द्रयान मिशन को लेकर आई बड़ी खबर: बता दें कि ‘विक्रम’ का शनिवार को ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ के प्रयास के अंतिम क्षणों में उस समय इसरो के नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया था जब यह चांद की सतह से 2.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर था। लैंडर के भीतर ‘प्रज्ञान’ नाम का रोवर भी है। इन सबके बीच आज इसरो के एक अधिकारी ने बताया कि ऑर्बिटर के कैमरे से भेजी गईं तस्वीरों के मुताबिक यह तय जगह के बेहद नजदीक एक ‘हार्ड लैंडिंग’ थी। लैंडर वहां साबुत है, उसके टुकड़े नहीं हुए हैं। वह झुकी हुई स्थिति में है।’’ अधिकारी ने आगे कहा, ‘‘हम लैंडर के साथ संपर्क स्थापित करने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं।’’