आप लोगों ने कई तरह के ब्रेकअप के बारे में सुना होगा। ब्रेकअप के बाद अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए लोग कई तरह के हथकंडे अपनाते हैं। कोई अपने एक्स के ही किसी करीबी दोस्त को डेट करने लगता है तो कोई सोशल मीडिया पर अजीब-अजीब से पोस्ट डालकर अपना गुस्सा और दुख जाहिर करता है। इसके अलावा कई लोग अपने एक्स द्वारा दिए गए तोहफों को तोड़कर अपना गुस्सा निकालते हैं, लेकिन हाल ही में एक बहुत ही अजीब किस्म के ब्रेकअप की कहानी सामने आई है। ब्रेकअप की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसे जानकर आप लोग यह जरूर सोचेंगे कि क्या ऐसा भी कोई कर सकता है।

दरअसल, सोशल न्यूज़ एग्रीगेटर रेडिट (reddit) में एक लड़की ने जानकारी दी कि जब उसने अपने ब्वॉयफ्रेंड से ब्रेकअप किया तब वह गुस्से में घर का टॉयलेट ही उखाड़कर अपने साथ ले गया। लड़की ने लिखा, ‘मैंने कल अपने ब्वॉयफ्रेंड से ब्रेकअप किया। जब वह अपना सामान पैक कर रहा था तब मेरी नींद लग गई और उसने मेरा टॉयलेट चोरी कर लिया।’

लड़की ने यह भी जानकारी दी कि कुछ दिनों पहले उसका टॉयलेट टूट गया था, तब उसने मकान मालिक को इस बारे में नहीं बताया था, लड़की के ब्वॉयफ्रेंड ने ही उसका टॉयलेट ठीक किया था। लड़की ने यह भी बताया कि उसका ब्वॉयफ्रेंड प्लंबिंग का काम जानता था, इसलिए उसने ही उसे ठीक किया था। लड़की ने आगे लिखा कि टॉयलेट ठीक करने के बाद जब कभी भी उनके बीच झगड़ा होता था उसका ब्वॉयफ्रेंड कहता था, ‘मैंने इस घर में ढेर सारे पैसे लगाए हैं, लेकिन उसके बाद भी तुम इसी तरह की हरकत करोगी।’

I split up with my boyfriend yesterday. I fell asleep while he was packing and he stole my toilet. from r/WTF

लड़की और उसका एक्स ब्वॉयफ्रेंड पिछले 10 महीनों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे, लेकिन पिछले करीब दो महीनों से दोनों के बीच काफी झगड़े होने लगे थे। लड़की ने आगे लिखा, ‘मैं पिछले करीब एक महीने से सोच रही थी कि ब्रेकअप के बारे में अपने ब्वॉयफ्रेंड से बात करूं, लेकिन सही शब्द नहीं सोच पा रही थी, क्योंकि भले ही हम झगड़ते थे, लेकिन फिर भी वह एक अच्छा इंसान था।’ लड़की ने बताया कि आखिरकार उसने ब्रेकअप के बारे में अपने ब्वॉयफ्रेंड से बात की और फिर उसने वो टॉयलेट चोरी कर लिया।