छत्तीसगढ़ विधासनभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए टीएस सिंह देव को उपमुख्यमंत्री बना दिया है। 28 जून को दिल्ली में चली बैठक के बाद इसका फैसला लिया गया और फिर टीएस सिंह देव को उपमुख्यमंत्री बनाने का ऐलान किया गया। चुनाव से पहले कांग्रेस के इस फैसले पर भाजपा ने कटाक्ष किया तो कांग्रेस की तरफ से भी करारा जवाब दिया गया।
सीएम भूपेश बघेल ने किया ट्वीट
टीएस सिंह देव को उपमुख्यमंत्री बनाये जाने की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह टीएस सिंह देव के साथ मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर शेयर कर सीएम बघेल ने लिखा- “हैं तैयार हम। महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ।” इस पर भाजपा छत्तीसगढ़ ने कटाक्ष किया।
कांग्रेस और भाजपा में हुई भिड़ंत
भाजपा छत्तीसगढ़ ने भूपेश बघेल के ट्वीट पर लिखा, “तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो, क्या गम है जिसको छुपा रहे हो?” इसका जवाब कांग्रेस की तरफ से दिया गया। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की तरफ से लिखा गया, “तुम्हारी क्यों इतनी सुलग रही है, कहां है आग जो धधक रही है?” वहीं भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने लिखा, “डूबने लगी कश्ती तो कप्तान ने कुछ यूं किया, सौंप दी है पतवार आधी दूसरे के हाथ में। बाक़ी 4 महीने के लिए महाराज जी को बधाई।”
@RajeshGDhingra यूजर आईडी से रमन सिंह के ट्वीट पर लिखा गया, “भाजपा के 15 साल मुख्यमंत्री रहे पर दुर्भाग्यवश कभी जन नेता नहीं बन पाए। आज भी कांग्रेस की अंतर्कलह का इंतजार कर रहे हैं। यह आपकी कमजोरी साबित करता है। आप अपना विधानसभा चुनाव जीत पाएंगे कि नहीं मुझे संदेह है और राजनांदगांव से ऐसी सूचना भी आ रही है।” सागर सोलंकी ने लिखा, “वो तो वक्त बताएगा कि किसकी कश्ती डूबेगी और किसकी कश्ती पर होगी, बहरहाल 36 गुटों में बंट चुकी भाजपा की चिंता कीजिए, सुना है कुछ और भाजपाई भाजपा छोड़ने वाले हैं?”
बता दें कि 2018 चुनाव के बाद जब कांग्रेस को बहुमत मिला और छत्तीसगढ़ में सीएम चुनने की बात आई तो सीएम भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच कुर्सी को लेकर मतभेद हो गया था। हालांकि भूपेश बघेल सीएम बने और टीएस सिंहदेव मंत्री लेकिन यह टकराव काफी समय तक चलता रहा। टीएस सिंहदेव और सत्ता के बाकी मंत्रियों के साथ अनबन की खबरें आती रहीं थीं। अब टीएस सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाकर उनकी नाराजगी को खत्म करने का प्रयास किया गया है।