सोशल मीडिया पर एक बीजेपी विधायक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तेलंगाना से बीजेपी विधायक राजा सिंह ने गाय पर एक अजीबोगरीब बयान दिया है। वीडियो में राजा सिंह बोलते हैं कि हिंदू धर्म के सिर्फ देसी गायों को माता माना गया है। वो आगे कहते हैं वेदों के अनुसार विदेशी याने जर्सी गाय को माता का दर्जा नहीं दिया जा सकता और अगर कोई विदेशी गायों के चमड़े से बने सामान बेचता है तो इसमें कोई गलत बाता नहीं है। बीजेपी विधायक राजा सिंह का ये बयान बॉलीवुड एक्टर एजाज खान के एक विवादित सवाल के बाद आया था। दरअसल राजा सिंह ने इस वीडियो के जरिए उन सवालों का जवाब देने की कोशिश की जो फेसबुक पर ही एक्टर एजाज खान ने कुछ दिन पहले उठाए थे। एजाज खान ने बताया था कि किस तरह से हार्ले डेविडसन कंपनी भारत में गाय के चमड़े से बने उत्पाद बेच रही है।
बीजेपी विधायक राजा सिंह ने 23 अप्रैल को अपने बयान का वीडियो बनाकर अपने फेसबुक वॉल पर पोस्ट किया था। देश भर में गौहत्या जैसे नाजुक मुद्दे पर भाजपा विधायक के इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर एक बहस छेड़ दी कि क्या ये सही बोल रहे हैं। हालांकि राजा सिंह के इस पोस्ट पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं भी आईं। कुछ यूजर्स ने लिखा कि आखिर गाय तो गाय होती है फिर क्या जर्सी और क्या देसी।
आपको बता दें कि एक्टर एजाज खान ने कुछ दिनों पहले कहा था कि अगर सरकार को गौरक्षा की इतनी फिक्र है तो वह हार्लेडेविडसन को अपने देश में व्यापार करने से रोके। एजाज खान ने कहा था कि ये कंपनियां गायों के चमड़े से बने जैकेट और तमाम सामान बेचती है। एजाज खान के इसी बयान के बाद राजा सिंह ने अपेन वॉल पर ये वीडियो पोस्ट किय़ा था जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
