गुजरात और हिमाचल में बीजेपी को मिली जीत पर राजस्थान सरकार के श्रम व नियोजन मंत्री डा. जसवंत यादव ने पीएम मोदी को दुनिया का सबसे बेस्ट प्रधानमंत्री कहा। दरअसल सोमवार को गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए पड़े वोटों की गिनती पूरी हो गई। भारतीय जनता पार्टी ने दोनों ही राज्यों में सरकार बनाने के लिए जरूरी आंकड़ा पा लिया। जहां गुजरात में बीजेपी को 182 में से 99 सीटों पर फतह हासिल हुई वहीं हिमाचल प्रदेश की 68 में से 44 सीटें जीत कर भाजपा सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस की बात करें तो गुजरात में पिछली बार के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करते हुए उसके खाते में 80 सीटें आईं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के हाथ से सत्ता चली गई है। उसे सिर्फ 22 सीटों पर विजय प्राप्त हुई।
इन नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए श्रम मंत्री जसवंत यादव ने मीडिया से कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जो दुनिया के सबसे बेस्ट प्रधानमंत्री हैं उनके नेतृत्व में दोनों जगह (गुजरात और हिमाचल प्रदेश) हमारी सरकार प्रचंड बहुमत से बन रही है। हैरानी की बात यह रही कि एक अखबार ने उनके हवाले से नरेंद्र मोदी को सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री बता दिया। अलवर जिले के बहरोड़ से विधायक और राज्य सरकार में श्रम मंत्री जसवंत यादव के शब्द को अखबार के रिपोर्टर ने गलत समझ लिया होगा। लेकिन यह गलती सोशल मीडिया पर अखबार का मजाक बनने का सबब बन गई।
