महाराष्ट्र में भाजपा के सोशल मीडिया और आईटी प्रमुख आशीष मरखेड कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जुड़ी एक फर्जी खबर शेयर कर यूजर्स के निशाने पर आ गए हैं। कई यूजर्स ने आशीष पर फर्जी खबरें फैलाने का आरोप लगाया है। दरअसल 8 जनवरी, 2019 को उन्होंने एबीपी न्यूज चैनल को आधार बनाते हुए एक फर्जी खबर शेयर की। एबीपी न्यूज के ब्रेकिंगनुमा दिखाई दे रहे फ्लैश में राहुल गांधी को सिर्फ मुसलमानों का पक्षकार होने का दावा किया गया। यही स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए भाजपा आईटी सेल प्रमुख ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा, ‘क्या बात है… राहुल गांधी आ गए अपनी असलियत में।’ जिस फर्जी खबर का स्क्रीनशॉट शेयर किया गया उसमें लिखा, ‘कांग्रेस मुस्लिमों की है और उनकी ही रहेगी – राहुल गांधी।’
यहां बता दें कि भाजपा नेता द्वारा एबीपी न्यूज का जो स्क्रीनशॉट शेयर किया गया वो फर्जी था। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुस्लिमों से जुड़ा ऐसा कोई बयान नहीं दिया जिसे उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया। दूसरी तरफ सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा भाजपा नेता को उनके गलत ट्वीट की वजह से ट्रोल किए जाने पर उन्होंने विवादित ट्वीट डिलीट कर दिया।
यहां देखें भाजपा नेता द्वारा शेयर किया गया विवादित ट्वीट-
जानना चाहिए भाजपा महाराष्ट्र आईटी सेल के प्रमुख के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी खूब क्लास लगाई। एक ट्विटर यूजर्स ने ट्वीट डिलीट किए जाने पर भी उनकी क्लास लगा दी। एमी नाम के यूजर्स ने ट्वीट कर लिखा, ‘आशीष कृपा करके आप बताएंगे कि ट्वीट क्यों डिलीट किया गया। अगर आपने यह ट्वीट डिलीट किया है। क्या मैं आपसे देर रात तक माफी मांगने की उम्मीद कर सकता हूं? सच की शक्ति झूठ की टीम से ज्यादा होती हैं आशिष! अब समझे?’
जुल्फिकार अंसारी ने ट्वीट कर लिखा, ‘फर्जी खबर है।’ अजय ने भी तंज कसने वाला ट्वीट किया। एक अन्य ट्वीट में लिखा गया, ‘एडिट मास्टर इतना भी पता नहीं कि एबीपी न्यूज की हेडलाइन बोल्ड होती है।’ सादित लिखते हैं, ‘आईटी सेल द्वारा फोटो शॉप से किया गया लगता है।’
