नॉएडा के ट्विन टावर्स को तोड़ दिया गया है। इस 32 मंजिला एपेक्स व 29 मंजिला सियान टावर को तोड़ने में 3500 किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। जिसे आपस में तारों से जोड़ दिया गया। दोपहर ढाई बजे के करीब ब्लास्ट कर इस बिल्डिंग को गिरा दिया गया। इस बिल्डिंग के गिरने से पहले आप नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर इसको गिराए जाने के फैसले पर तंज कसा है।
कपिल मिश्रा ने किया ट्वीट
कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि जिसने बनाई उसे सजा नहीं, जिसने बनवाई उसे सजा नहीं। इतनी बड़ी बिल्डिंग में अस्पताल, हॉस्टल, बुजुर्गों का निवास , निराश्रित महिलाओं का आश्रय कुछ भी बनाने का ऑर्डर दे देते, दिवाली पर पटाखे नहीं चलाने देते माननीय और खुद इतना पोल्यूशन करने वाला ऑर्डर दे दिया।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
सुनील सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि सही बात है कपिल जी, आज दिल बहुत भारी सा है। जिन पैसों से ये बिल्डिंग बनी, वो देश का ही था। इतनी बड़ी बिल्डिंग को नष्ट करना दुखद है, बहुत तरह से इस्तेमाल में लिया जा सकता था। अजय सोनी नाम के यूजर ने लिखा कि सुना है 20 से 30 करोड़ खर्च करके गिराई जाएगी ये बिल्डिंग? गिराने से अच्छा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को मकान दे देते।
विक्रम कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि टावर को गिराने से अच्छा होता उसमें हॉस्पिटल या वृद्धाश्रम या और कोई सेवा-सदन बनवा देते, गरीबों को ही दे देते। नीलामी करके किसी और भी बढ़िया काम में लाया जा सकता था। अर्पित मिश्र ने लिखा कि भ्रष्टाचार के रावण और कुंभकरण रूपी भ्रष्ट अधिकारी तो चैन की बंसी बजा रहे हैं। यह तो उनके भ्रष्टाचार का प्रतीक मात्र है, भ्रष्टाचार की जड़ों पर प्रहार किए बिना इससे निजात मिलना असंभव है।
बीपी शर्मा नाम के यूजर ने लिखा कि सरकारी दफ्तर बना दो, अस्पताल बना दो, दान दे दो, अनाथालय बना दो, ये सब बेकार बातें है, इसको गिराने का निर्णय सही है। समय रहते हुए यह निर्णय नहीं लिया गया, ये बात सही है। बनने के समय अफसरों की आंखे बंद थी, इसके टूटने से बिल्डरों की मनमानी रुकेगी। कपिल कौशिक नाम के यूजर ने लिखा कि अवैध निर्माण नहीं टूटेंगे तो लोग आगे भी बनाते रहेंगे। इनको तोड़ने से आगे किसी की हिम्मत नहीं पड़ेगी। कृपया ऐसी कार्यवाही होने दीजिए।
बता दें कि नोएडा का ट्विन टावर महज आठ सेकंड में गिर गया। ब्लास्ट के बाद कई मीटर तक धूल का गुबार फैला गया। एक्सप्रेस वे तक धूआं पहुंच गया। एहतियात के तौर पर एक्सप्रेसवे को बंद किया गया था जिसे ब्लास्ट के कुछ देर बाद ही खोल दिया गया।आस-पास के बिल्डिगों में रहने वाले लोगों को शाम 6 बजे के बाद घर में जाने की इजाजत दे दी जाएगी।