भारतीय जनता पार्टी की तेलंगाना के अध्यक्ष बांदी संजय ने शुक्रवार को एक ऐसा बयान दिया कि उस पर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा नेता ने एक कार्यक्रम में कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता, टीआरएस कार्यकर्ताओं से बड़े “गुंडे” हैं, लेकिन वे लोगों के कल्याण के लिए काम करते हैं। बांदी संजय के इस बयान पर सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन सामने आ रहे हैं। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के विवादित बोल

दरअसल एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता बांदी संजय ने कहा कि “कल सड़कों को बंद करने के बाद भी भीड़ पालकुर्थी से आई थी। कुछ लोग दादागिरी कर रहे हैं। हम दादा हैं, भाजपा कार्यकर्ता लोगों के कल्याण के लिए हम काम करने वाले गुंडे हैं। केसीआर और उनके परिवार के लोग चोरों की तरह हर चीज पर कब्जा कर रहे हैं क्योंकि उनके पास सत्ता है। सिर्फ इसलिए कि आपके पास पैसा और ताकत है तो आप पुलिस की मदद से दादागिरी कर रहे हैं।”

‘बीजेपी गरीबों के लिए गुंडागर्दी करेगी’

बांदी संजय ने आगे  कहा, “लेकिन हम आपसे बड़े गुंडे हैं और बीजेपी गरीबों के लिए गुंडागर्दी करेगी। तेलंगाना को आपसे बचाने के लिए हम उपद्रव भी करेंगे।” बांदी संजय मुख्यमंत्री केसीआर पर निशाना साध रहे थे। अब उनके बयान पर सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने वहां के CM के. चंद्रशेखर राव को कहा: “हम तुमसे बड़े गुंडे हैं” क्या संस्कारी कबूलनामा है, बधाई हो। कैप्टन शालिनी सिंह ने लिखा कि इसमें बोलने की क्या बात है? ये तो पूरा देश पहले से ही जानता है।

मसूद चौधरी नाम के यूजर ने लिखा कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि भाजपा सबसे बड़ी गुंडों की पार्टी है। एक यूजर ने लिखा कि इस बयान से ये भाजपा नेता क्या साबित करना चाहते हैं, क्या बड़ा गुंडा बनने की होड़ चल रही है। शैलेश चंद्र राज नाम के यूजर ने लिखा कि अब मैं देख सकता हूं कि राजनीति और राजनेता दिन-ब-दिन बदतर क्यों होते जा रहे हैं, क्योंकि अब उन्हें केवल यह दिखाने में दिलचस्पी है कि फर्श पर सबसे बड़ा गुंडा कौन है।

बता दें कि घोषमहल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजा सिंह, हैदराबाद में स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के शो का विरोध कर रहे थे जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद बांदी संजय मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी पर भड़क गए।