कहते हैं कि वो इश्क ही क्या जिसमें छिप-छिपकर मिलने का दौर ही न चला हो। मोहब्बत में छिप-छिपकर मिलना यह दिखाता है कि आपका प्यार इतना गहरा है कि तमाम मुश्किलों के बावजूद आप मिलने का रास्ता ढूंढ रहे हो, लेकिन बिहार के भागलपुर जिले में एक प्रेमी जोड़े को छिपकर मिलने का ऐसा फायदा हुआ कि ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर दोनों की शादी करा दी। पिछले 5 महीने से इस जोड़े के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था और प्रेमिका ने प्रेमी को रात में मिलने के लिए बुलाया था। इस मुलाकात की भनक गांव वालों को लग गई। उन्होंने लड़के को रंगे हाथ पकड़ लिया और उसके बाद दोनों का विवाह करा दिया।
लड़की ने ही बुलाया था लड़के को मिलने के लिए
यह पूरा मामला कहलगांव थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर अंतर्गत ज्योतिपुर गांव का है, जहां ग्रामीणों ने एक लड़के और लड़की का रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद हिंदू रीति-रिवाजों के विवाह संपन्न करा दिया। जानकारी के मुताबिक, लड़की ने लड़के को रात के समय मिलने के लिए बुलाया था। दोनों की मुलाकात का पता गांव वालों को चल गया। उन्होंने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया और फिर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वहां भीड़ जुट गई और मामला गर्माने लगा। आखिर में लोगों ने लड़का और लड़की दोनों का विवाह करा दिया।
शुरुआत में लड़का कर रहा था इनकार
दोनों का विवाह करने से पहले लड़के और लड़की दोनों पक्षों के परिवार के लोगों को बुलाया गया और उसके बाद इनकी शादी कराई गई। बताया जा रहा है कि शुरुआत में लड़का शादी के लिए नहीं मान रहा था, लेकिन लोगों के दबाव के बाद लड़का इस शादी के लिए मान गया। इसके बाद रात में ही मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी करा दी गई। प्रेमी राजीव कुमार ने बताया कि वह और पूजा पिछले पांच महीनों से रिलेशनशिप में था। दोनों के मुलाकात कॉलेज आते-जाते वक्त हुई थी।
